आप अपनी बेबाक राय के लिए जानी जाती हैं, इसी वजह से विवादों में भी रही हैं। घर के अंदर भी यही बेबाक अंदाज रहेगा?
मैंने पहले भी कहा है और अब भी कह रही हूं, मैं आउटस्पोकन हूं और मैं हमेशा अपनी असली शख्सियत रहूंगी। यह बहुत देर से बनी हुई आदत है। अब तो जैसे प्लास्टर ऑफ पेरिस होता है, उसी तरह मेरी पर्सनैलिटी भी मजबूत हो चुकी है। मुझे बदलना अब नामुमकिन है। झगड़ों से भागने या डरने वालों में से नहीं हूं, लेकिन हां, बिना वजह विवाद खड़ा करने वालों में भी नहीं हूं।
घर के अंदर लड़ाइयों और झगड़ों को आप कैसे हैंडल करेंगी?
मुझे लगता है कि बिग बॉस के घर में झगड़े तो होंगे ही। इतने लोग जब एक साथ रहते हैं तो क्लैश होना स्वाभाविक है। मेरी कोशिश होगी कि मैं पीस मेकर बनूं। पहले मैं सामने वाले को समझाने की कोशिश करूंगी। अगर सामने वाला सुनने को तैयार न हो, तो मैं खुद को वहां से दूर कर लूंगी। अनावश्यक बहस या चिल्लाना मुझे पसंद नहीं है। लेकिन हां, अगर किसी को गलत लगेगा तो मैं समझाने की पूरी कोशिश करूंगी।
आप किस तरह की दोस्ती या दुश्मनी बिग बॉस के घर में तलाशेंगी?
देखिए, मैं किसी को तलाशने नहीं जा रही हूं। रिश्ते जबरदस्ती नहीं बनाए जाते। सब कुछ नैचुरली होगा। वहां जो 16 लोग हैं, हर किसी को अपने परिवार, बच्चों, पति/पत्नी और सोशल मीडिया से दूर रहना होगा। हर कोई अपनी-अपनी परेशानियों से गुजरेगा। ऐसे में किसका असली चेहरा सामने आता है, यह वहीं देखने को मिलेगा। हो सकता है मेरा भी कोई नया रूप बाहर आए, जिसे मैं खुद भी नहीं जानती।
फिल्मों में आपने ज्यादा निगेटिव रोल किए हैं। क्या आपको लगता है कि बिग बॉस में भी लोग आपको उसी नजर से देखेंगे?
हां, बिल्कुल। मैंने ज्यादा निगेटिव रोल किए हैं और उसी वजह से लोग मुझे विलेन की तरह देखते हैं। लेकिन मैं कहती हूं कि यह मेरे लिए एक तरह से ब्लेसिंग है। जब मैं मार्केट में जाती हूं तो कोई मुझे तंग नहीं करता। लोग थोड़े डर के साथ बात करते हैं। यंगस्टर्स मुझे पहचानते हैं और थोड़ा इंटिमिडेट भी हो जाते हैं। लेकिन मुझे इसमें कोई दिक्कत नहीं है। यह मेरी स्क्रीन इमेज है, रियल लाइफ में मैं अलग हूं।
यह खबर भी पढ़ेंः Ashnoor Kaur Interview: '‘मैं फुटेज के लिए फेक बनकर नहीं खेलूंगी', बोलीं 'बिग बॉस 19' की कंटेस्टेंट अशनूर कौर
आप सामाजिक मुद्दों पर हमेशा खुलकर बोलती रही हैं। बिग बॉस में रहकर आप इन कामों को कैसे प्रमोट करेंगी?
यही तो मुश्किल है। बिग बॉस के घर में बहुत पाबंदियां हैं। सबकुछ नहीं बोल सकते। लेकिन जहां मुझे लगेगा कि किसी मुद्दे पर बोलना जरूरी है, मैं जरूर बोलूंगी। हां, बाद में एडिट हो जाएगा या कट जाएगा, यह शो की टीम पर है। लेकिन मैं अपनी आइडियोलॉजी और वोकल नेचर से पीछे नहीं हट सकती। जब बात देश की हो, सोशल जस्टिस की हो या ह्यूमैनिटी की हो, तो मैं अपनी राय जरूर रखूंगी। हां, राजनीति को मैं इसमें शामिल नहीं करूंगी, लेकिन इंसानियत पर कभी चुप नहीं रहूंगी।
आपने फिल्म और टीवी दोनों में काम किया है। बिग बॉस का अनुभव इन सबसे कैसे अलग होगा?
बिग बॉस की सबसे खास बात इसका ऑडियंस है। मैंने गूगल किया था और देखा कि दुनिया भर में कितने लोग इस शो को देखते हैं। यह देखकर मैं वाकई चौंक गई। इस शो के जरिए मैं दुनिया भर के लोगों तक पहुंच पाऊंगी। जब मैंने ‘स्वाभिमान’ किया था, लोग आज भी उसे याद करते हैं। शायद बिग बॉस भी वैसा ही इम्पैक्ट छोड़े। फेम कुछ वक्त के लिए हो, या लंबे वक्त के लिए, मुझे फर्क नहीं पड़ता। मेरी जिंदगी उस पर निर्भर नहीं है। लेकिन हां, मैं खुश हूं कि मेरा पुराना ऑडियंस मुझे फिर देखेगा और शायद कहेगा - कुनिका, फिल्मों या टीवी पर वापस आओ।
आपने सलमान खान को सपोर्ट किया था और इसके लिए काफी धमकियां भी मिली थीं। बिग बॉस के घर में अगर झगड़ा हुआ तो कैसे डील करेंगी?
हां, मैंने सलमान खान को सपोर्ट किया क्योंकि मुझे लगा कि उन्हें गलत तरीके से टारगेट किया जा रहा है। उनकी स्टारडम और पर्सनैलिटी का बेहतर इस्तेमाल हो सकता था। लेकिन मेरी इस राय के लिए मुझे मौत की धमकियां तक मिलीं। लोगों ने खूब आलोचना की। लेकिन मुझे फर्क नहीं पड़ता। मैं आउटस्पोकन हूं और हमेशा अपनी बात कहती हूं। बिग बॉस में भी अगर किसी मुद्दे पर मुझे लगेगा कि मुझे बोलना चाहिए, तो मैं जरूर बोलूंगी। चाहे लोग मानें या न मानें।