Anurag Kashyap In Controversy: अनुराग कश्यप ऐसे निर्देशक हैं, जो अपनी फिल्मों के अलावा विवादों के चलते भी अक्सर चर्चाओं में बने रहते हैं। आजकल अनुराग फिर विवादों में घिरे हुए हैं। जानते हैं इससे पहले अनुराग कब-कब विवादों में घिरे रहे।
बॉलीवुड के मशहूर निर्माता-निर्देशक अनुराग कश्यप अपनी शानदार फिल्मों के साथ-साथ अपने बेबाक अंदाज और विवादित बयानों के लिए भी काफी चर्चा में रहते हैं। इन दिनों एक बार फिर अनुराग कश्यप विवादों में घिरे हुए हैं। वजह है ब्राह्मण समाज पर की गई उनकी आपत्तिजनक टिप्पणी। अनुराग कश्यप ‘फुले’ और कुछ एक अन्य फिल्मों के जाति प्रथा और जातिगत आरोपों से जुड़े विवादों में फंसने के बाद जातिवाद के खिलाफ सामने आए थे। लेकिन इस दौरान निर्देशक खुद कुछ ऐसा कह गए जिससे वो ब्राह्मण समुदाय के निशाने पर आ गए। हालांकि, ये पहला मौका नहीं है जब अनुराग कश्यप ने विवादित बयान दिए हों या वो विवादों में फंसे हों। वो इससे पहले भी कई मौकों पर विवादों में घिर चुके हैं।
सेंसर बोर्ड पर अक्सर हमलावर रहते हैं अनुराग कश्यप
विज्ञापन
इस विवाद में अनुराग कश्यप ने पहले सेंसर बोर्ड को घेरा था, लेकिन इस दौरान वो ब्राह्मणों पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी कर गए। जिससे उनके लिए ही मुश्किलें खड़ी हो गईं। हालांकि, अनुराग कश्यप अक्सर ही सेंसर बोर्ड से पंगा लेते रहते हैं। वो पहले भी कई बार सेंसर बोर्ड को अपनी फिल्मों पर लगे कट्स को लेकर क्रिटिसाइज करते रहे हैं। साल 2016 में आई फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ को लेकर भी अनुराग ने सीबीएफसी को काफी कुछ कहा था। सीबीएफसी का कहना था कि इस फिल्म में पंजाब को गलत तरह से पोट्रे किया जा रहा है।
मीटू के भी लगे आरोप
अनुराग कश्यप मीटू में भी घसीटे जा चुके हैं। उन पर अभिनेत्री पायल घोष ने सेक्शुअल मिसकंडक्ट का आरोप लगाया था। पायल ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया था, जिसमें उन्होंने अनुराग पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद नेशनल कमिशन फॉर वुमेन ने भी मामले में हस्तक्षेप किया था। 2020 में मामले में एक एफआईआर दर्ज हुई थी। इस एफआईआर में अनुराग पर पायल ने उनके साथ रेप करने का आरोप लगाया था। हालांकि, अनुराग ने इन आरोपों को खारिज किया था।
अनुराग कश्यप और विवेक अग्निहोत्री
- फोटो : इंस्टाग्राम
विवेक अग्निहोत्री से विवाद
निर्देशक विवेक अग्निहोत्री और अनुराग कश्यप 2022 में ट्विटर पर एक-दूसरे से भिड़ गए थे। एक इंटरव्यू में अनुराग कश्यप ने बॉलीवुड पर बात करते हुए कहा था कि आज कल हर कोई पैन इंडिया फिल्में बनाने की कोशिश कर रहा है। पुष्पा और कांतारा जैसी फिल्में आपको बाहर निकलकर अपनी कहानी कहने का साहस देती हैं। इसी गाड़ी पर सवार होकर बॉलीवुड खुद को बर्बाद कर रहा है। इसके बाद विवेक अग्निहोत्री ने एक खबर का स्क्रीनशॉट शेयर किया था और उसे अनुराग का बयान बताते हुए असहमती जताई थी, जिसके बाद अनुराग कश्यप ने विवेक अग्निहोत्री को रिसर्च करने की सलाह दी थी। ये ट्विटर वॉर काफी लंबी चली थी।
जब अमिताभ बच्चन पर भड़के अनुराग कश्यप
हर मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखने वाले अनुराग कश्यप ने 2012 में बिग बी को भी लपेटे में लिया था। अनुराग ने बिग बी पर आरोप लगाए थे कि अपने बेटे अभिषेक की फिल्म ‘खेलें हम जी जान से’ के प्रचार को बढ़ावा देने के लिए बिग बी अपने ओहदे की मदद से फिल्म ‘चटगांव’ की रिलीज में समस्याएं पैदा कर रहे हैं। इसके अलावा बड़े मामलों पर बिग बी की चुप्पी भी अनुराग को नागवार गुजरती है।
दिसंबर 2019 में नागरिकता संशोधन बिल को लेकर चुप्पी साधे रहने के बाद अमिताभ जब दोबारा सोशल मीडिया पर एक्टिव हुए थे और लिखा था, ज्यादा परेशान होने की बात नहीं है, बस उन्नीस-बीस का ही फर्क है। तब अनुराग ने उन्हें रिप्लाई देते हुए तंज कसते हुए लिखा था, कि इस बार फर्क उन्नीस बीस का नहीं है सर, इस बार फर्क बहुत बड़ा है। फिलहाल आप कृपया अपनी सेहत का ख्याल रखें। अपने हिस्से का आपने 70 के दशक में ही कर दिया था। तबसे अपने अंदर का बच्चन हम अपने अंदर ले के घूम रहे हैं। इस बार सामने गब्बर हो या लॉयन या फिर शाकाल, हम भी देखेंगे।