रणवीर सिंह ने 'धुरंधर' में बिना ब्रेक काम किया
रणवीर सिंह इन दिनों फिल्म 'धुरंधर 2' को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने इस फिल्म में लगातार बिना ब्रेक लिए काम किया था। जिसका खुलासा, वे कई पोस्ट में कर चुके हैं। निर्देशक आदित्य धर ने भी खुद बताया था कि रणवीर सिंह सहित पूरी टीम ने 16-18 घंटे काम किया था। वहीं अभिनेता रणवीर सिंह ने एक पुराने इंटरव्यू में भी खुलासा किया था कि उनकी वजह से उनके बाकी को-स्टार को भी परेशानी होती थी, क्योंकि वे आठ घंटे की शिफ्ट पर यकीन नहीं करते।
क्या मानना है रणवीर सिंह का?
रणवीर सिंह ने कहा था, 'हिंदी सिनेमा में या एक फिल्म को बनाने में आठ घंटे में काम कर पाना बहुत मुश्किल है, तो थोड़ा ज्यादा कर लो शूटिंग, क्योंकि मैं काम को 'ट्रांजेक्शन' या सिर्फ एक लेन-देन के रूप में नहीं देखता'। समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि 'मेरे को-स्टार भी मुझसे परेशान हैं, क्योंकि उनको लगता है कि मेरी वजह से उन्हें भी शिफ्ट से ज्यादा काम करना पड़ेगा और मैं सिनेमा के शिफ्ट स्टैंडर्ड को खराब कर रहा हूं, लेकिन अगर जो चीज हमें सीन के लिए चाहिए, अगर वह आठ घंटे में नहीं निकली तो क्या हुआ? थोड़ा सा और कर लो शूटिंग'। यहां यह स्पष्ट कर देना जरूरी है कि रणवीर सिंह का यह बयान दीपिका पादुकोण के बयान से पहले आया था, जब दोनों साथ में कई फिल्में कर रहे थे।
दीपिका ने ठुकरा दी थी 'स्पिरिट'
बता दें कि दीपिका पादुकोण ने जब आठ घंटे की शिफ्ट पर बात रखी थी तो उनके बयान का बहुत सारे सिलेब्स ने सपोर्ट किया। हालांकि, रणवीर सिंह ने इस बारे में कुछ नहीं कहा। निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा और फराह खान जैसे निर्देशकों ने जमकर विरोध किया। यही कारण था कि दीपिका पादुकोण ने संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'स्पिरिट' को ठुकरा दिया था। इसके बाद दीपिका वाला रोल तृप्ति डिमरी की झोली में गया।