बाबिल खान अपने पिता और दिग्गज अभिनेता इरफान खान के नक्शेकदम पर चलते हुए बॉलीवुड में अपना एक अलग मुकाम बनाने की राह पर हैं। हालांकि, बाबिल अपने पिता इरफान खान को ये बताने से भी डरते थे कि वो एक्टिंग में जाना चाहते हैं। क्योंकि बाबिल को डर था कि उनके पिता इतने महान और बड़े कलाकार हैं और कहीं अगर बाबिल असफल हो गए, तो क्या कहेंगे। जबकि इरफान खान भी अपने बेटे के एक्टिंग डेब्यू को लेकर डरे हुए थे।
इरफान के साथ समय बिताना चाहते थे बाबिल
अभिनेता बाबिल खान ने पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में अपने करियर और अपने पिता इरफान खान को लेकर काफी बातें कीं। बाबिल ने यूके से सिनेमेटोग्राफी का कोर्स किया है। उन्होंने बताया, “मैं यूनिवर्सिटी से वापस आकर बाबा के साथ समय बिताने वाला था। मुझे वाकई नहीं लगा कि वह जाएंगे, मां को भी लगा कि वह 100 प्रतिशत ठीक हो जाएंगे। उन्होंने अपने कैंसर को हराया और फिर चले गए। उन्हें इस दुनिया को छोड़ना पड़ा क्योंकि कीमो ने उनके शरीर को नष्ट कर दिया था। उन्होंने कैंसर को हराया, इसलिए यह भी एक खूबसूरत बात है कि उन्होंने अपनी आखिरी चुनौती पूरी की।”
यह खबर भी पढ़ें: Ramayana: रणबीर कपूर की रामायण में ये अहम किरदार निभाने वाले थे जयदीप अहलावत, इस वजह से बिगड़ी बात
बेस्ट एक्टर का ऑस्कर अवॉर्ड जीतना चाहते हैं बाबिल
पिता के अलावा बाबिल ने अपने एक्टिंग और अपने सपने को लेकर भी बात की। बाबिल ने कहा, “मैं भारत में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का ऑस्कर ट्रॉफी लाना चाहता हूं। मैं खुद को एक अभिनेता के तौर पर साबित करना चाहता हूं। तब मैं अभिनय से एक कदम पीछे हटकर संगीत की खोज कर पाऊंगा।” हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि वो किसी भी एक ही पेशे में नहीं बंधे रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “कभी-कभी हम पहले से ही तय कर लेते हैं कि हमें जीवन में क्या करना है। मैं सिर्फ 26 साल का हूं, मैं यह कहकर खुद पर दबाव नहीं डालना चाहता कि मैं अपने जीवन के बाकी हिस्सों में यही करूंगा।”
यह खबर भी पढ़ें: 'जब वी मेट' और 'लव आज कल' का भी हिस्सा थीं वामिका गब्बी, नोटिस किया क्या?
लॉग आउट में नजर आएंगे बाबिल
वर्कफ्रंट की बात करें तो बाबिल जल्द ही जी5 की फिल्म ‘लॉग आउट’ में नजर आएंगे। इसमें वह एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की भूमिका में हैं, जिसका जीवन तब अस्त-व्यस्त हो जाता है जब वह अपना फोन खो देता है, ये युवा वयस्क क्षेत्र में अधिक हैं। बाबिल ने कहा कि असल में वह ‘लॉगआउट’ के अपने किरदार से बिल्कुल अलग हैं। जिसका जीवन सोशल मीडिया और उसके फोन के इर्द-गिर्द घूमता है, वह अब दोस्तों के साथ ऑफलाइन कनेक्शन के बारे में अधिक सोचता है।