दूसरे दिन कितनी रही कमाई?
फिल्म 'बाहुबली द एपिक' ने ओपनिंग डे पर 9.4 करोड़ रुपये कमाकर शुरुआत की। वहीं, एक दिन पहले गुरुवार को स्पेशल स्क्रीनिंग में फिल्म ने 1.15 करोड़ रुपये कमाए थे। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक 'बाहुबली द एपिक' का ओपनिंग डे पर कुल कलेक्शन 10.55 करोड़ रुपये रहा। वहीं, आज शनिवार को दूसरे दिन खबर लिखे जाने तक प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने 4.45 करोड़ रुपये कमाए हैं। रात दस बजे तक इनमें और इजाफा होगा।
वर्षों बाद भी जादू बरकरार
इस फिल्म का टोटल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 15 करोड़ रुपये हो गया है। पिछली दोनों फिल्मों ने दर्शकों का खूब दिल जीता था। अभिनय, निर्देशन, कहानी और संगीत, हर लिहाज से फिल्म को तारीफें मिलीं। अब वर्षों बाद दोनों फिल्मों को मिलाकर एक नई फिल्म दर्शकों तक पहुंचाई गई है तो इसे लेकर भी उत्साह दिख रहा है। इस फिल्म की अवधि करीब पौने चार घंटे की है। फिर भी दर्शक इसे देखने आ रहे हैं।
नई और पुरानी फिल्मों के सामने भी दिखा दम
'बाहुबली द एपिक' की रिलीज से पहले 'कांतारा चैप्टर 1' बॉक्स ऑफिस पर छाई है। इसके अलावा 21 अक्तूबर को रिलीज हुईं 'थामा' और 'एक दीवाने की दीवानियत' भी मजबूती से टिकी हैं। इसके अलावा कल शुक्रवार को ‘द ताज स्टोरी’, ‘मास जतारा’, ‘एक कुड़ी’ और ‘सिंगल सलमा’ जैसी फिल्मों ने भी दस्तक दी। कुल मिलाकर पुरानी और नई रिलीज फिल्मों के बावजूद 'बाहुबली ए एपिक' अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में कामयाब दिखी है।
फिल्म की कास्ट
‘बाहुबली: द एपिक’ का निर्देशन एसएस राजामौली ने ही किया है। वहीं फिल्म की कास्ट में भी कोई बदलाव नहीं है। इसमें प्रभास, राणा दग्गुबाती, राम्या कृष्णन और अनुष्का शेट्टी के नाम शामिल हैं।