असम सरकार की कैबिनेट बैठक के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, ‘राज्य सरकार जुबीन गर्ग की आखिरी फिल्म ‘रोई रोई बिनाले’ से हासिल जीएसटी का अपना हिस्सा खास तौर से कलागुरु आर्टिस्ट फाउंडेशन को सौंपेगी। इससे कलाकारों के इलाज, बाढ़ पीड़ितों की मदद और जरूरतमंद छात्रों की पढ़ाई में मदद होगी। इस फाउंडेशन की स्थापना सिंगर जुबीन गर्ग ने की थी। जुबीन गर्ग की आखिरी फिल्म 'रोई रोई बिनाले' 31 अक्टूबर 2025 को रिलीज होने वाली है।
एक महीने बाद फाउंडेशन को दिया जाएगा पैसा
हिमंत बिस्वा सरमा आगे कहते हैं, ‘100 रुपये से ज्यादा कीमत वाले सिनेमा टिकटों पर 18 प्रतिशत जीएसटी लगता है। 100 रुपये से कम कीमत वाले टिकटों पर 5 प्रतिशत जीएसटी लगता है। राज्य का हिस्सा इस दर का आधा है। हमें लगभग एक महीने बाद पैसा मिल जाएगा। फिर हम इसे फाउंडेशन को सौंप देंगे।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय जुबीन गर्ग की पत्नी से परामर्श के बाद लिया गया।
ये खबर भी पढ़ें: जुबीन गर्ग मौत मामले में जांच पर भड़के कांग्रेस सांसद, असम सीएम हिमंत को दी चेतावनी; बोले- निर्दोष लोगों को…
जुबीन गर्ग की मौत की चल रही है जांच
सिंगर जुबीन गर्ग की मौत 19 सितंबर को सिंगापुर में कथित तौर पर स्कूबा डाइविंग के दौरान हुई। सिंगर वहां चौथे NEIF में शामिल होने के लिए गए थे। पांचों आरोपियों को पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद 16 अक्तूबर को बक्सा जेल ले जाया गया। इस मामले में अब तक कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दो अन्य आरोपी, गर्ग के बैंड मेंबर अमृतप्रवा महंत और शेखरज्योति गोस्वामी, हाफलोंग जेल में ज्यूडिशियल कस्टडी में हैं। राज्य पुलिस की CID की 10 सदस्यों वाली स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) इस मामले की जांच कर रही है। SIT के हेड स्पेशल DGP मुन्ना प्रसाद गुप्ता पिछले हफ्ते जांच के सिलसिले में एक और अधिकारी के साथ सिंगापुर गए थे। सिंगापुर से भी टीम जांच के बाद वापस लौट चुकी है।