टीवी इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता अर्जुन बिजलानी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। ‘मिले जब हम तुम’, ‘लेफ्ट राइट लेफ्ट’ और ‘नागिन’ जैसे लोकप्रिय शोज में अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों का दिल जीत चुके अर्जुन अब एक नए रियलिटी शो का हिस्सा बनने जा रहे हैं। शो का नाम है ‘राइज एंड फॉल’, जिसे सितंबर में अमेजन एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम किया जाएगा।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया इमोशनल वीडियो
अर्जुन बिजलानी ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल वीडियो शेयर किया था, जिसने उनके फैंस को सोचने पर मजबूर कर दिया। वीडियो में अर्जुन अपनी पत्नी नेहा और बेटे अयान का जिक्र करते हुए कहते हैं कि उन्हें एक मुश्किल फैसला लेना पड़ा है और अब वो एक अलग रास्ते पर बढ़ रहे हैं। उन्होंने अपने परिवार का हमेशा साथ देने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि यह निर्णय उनके लिए आसान नहीं था।
वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई। कई लोगों ने इसे उनके निजी जीवन से जोड़ दिया और अलगाव की अटकलें भी लगाईं। लेकिन बाद में साफ हुआ कि यह वीडियो असल में उनके आने वाले शो ‘राइज़ एंड फॉल’ से जुड़ा था। चूंकि शो की शूटिंग के दौरान अर्जुन को अपने परिवार से दूर रहना होगा, इसलिए उन्होंने यह भावुक संदेश फैंस के साथ साझा किया।
शो का कॉन्सेप्ट
‘राइज एंड फॉल’ एक हाई-वोल्टेज रियलिटी शो है जिसमें 16 कंटेस्टेंट्स हिस्सा लेंगे। शो का फॉर्मेट पावर और स्ट्रैटेजी पर आधारित है। इसमें कंटेस्टेंट्स को दो वर्गों में बांटा जाएगा- शासक और कामगार। शासकों के पास अधिकार और फैसले लेने की ताकत होगी, जबकि कामगारों को उनका पालन करना होगा। लेकिन इस खेल में सत्ता स्थायी नहीं है। किसी भी वक्त शासक कामगार बन सकता है और कामगार शासक। इस तरह शो में लगातार ट्विस्ट एंड टर्न्स देखने को मिलेंगे।
अशनीर ग्रोवर और धनश्री वर्मा भी जुड़ेंगे शो से
इस शो की सबसे बड़ी खासियत है कि इसके होस्ट होंगे भारतपे के पूर्व सह-संस्थापक अशनीर ग्रोवर। बिजनेस जगत की बेबाक शख्सियत के रूप में मशहूर अशनीर पहले ही ‘शार्क टैंक इंडिया’ से दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो चुके हैं। उनकी मौजूदगी शो को और भी दिलचस्प बनाने वाली है।
इसके अलावा चर्चा है कि धनश्री वर्मा, जो क्रिकेटर युजवेंद्र चहल की एक्स-वाइफ हैं, भी इस शो में कंटेस्टेंट के तौर पर नजर आ सकती हैं। उनकी एंट्री से शो में और भी ड्रामा और ग्लैमर जुड़ने की संभावना है।
अर्जुन बिजलानी के लिए नया चैलेंज
अर्जुन बिजलानी लंबे समय से टीवी इंडस्ट्री का हिस्सा रहे हैं और उन्होंने रोमांस से लेकर थ्रिलर और रियलिटी शोज तक हर फॉर्मेट में अपनी छाप छोड़ी है। लेकिन ‘राइज एंड फॉल’ उनके करियर का एक बिल्कुल नया मोड़ है। यह शो न केवल उनकी रणनीतिक सोच बल्कि धैर्य की भी परीक्षा लेगा।