अरिजीत सिंह ने पिछले महीने प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट लेकर हर किसी को हैरान कर दिया। मौजूदा वक्त में इंडस्ट्री के सबसे दिग्गज गायकों में शामिल अरिजीत के इस फैसले से जहां उनके फैंस काफी आहत हुए, तो वहीं इंडस्ट्री के कई लोगों ने उनके फैसले का सम्मान किया। अब अपने रिटायरमेंट के बाद अरिजीत ने कोलकाता में अपना पहला लाइव शो किया। इस दौरान उन्हें स्टेज पर देखकर फैंस काफी उत्साहित हो गए और जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया। अरिजीत के इस लाइव शो के कई वीडियोज अब सोशल मीडिया पर वायरल हैं।
अनुष्का शंकर के साथ शेयर किया स्टेज
प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट के कुछ ही दिनों बाद अरिजीत सिंह पहली बार लाइव शो में नजर आए। बीती रात कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस कॉन्सर्ट में अरिजीत ने सितार वादक अनुष्का शंकर के साथ मंच साझा किया। अब इस कॉन्सर्ट के वीडियोज सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहे हैं। एक वायरल वीडियो में अनुष्का ने अरिजीत का मंच पर जोरदार स्वागत किया, जिस पर दर्शकों ने तालियां बजाईं। दर्शकों को संबोधित करते हुए अरिजीत ने कहा, ‘मैं बहुत नर्वस हूं। मुझे यहां बुलाने के लिए धन्यवाद।’
बंगाली गीत पर दी प्रस्तुति
लाइव शो के दौरान अरिजीत ने अनुष्का और तालवादक बिक्रम घोष के साथ मिलकर 'माया भोरा राती' प्रस्तुत किया। यह मूल रूप से लक्ष्मी शंकर द्वारा गाया गया और महान सितार वादक पंडित रवि शंकर द्वारा संगीतबद्ध किया गया एक बंगाली गीत है। इस दौरान अरिजीत ने अनुष्का के घर जाकर उनसे मिलने के बारे में भी बताया, जहां दोनों संगीतकारों ने कथित तौर पर एक गाने की कंपोजिशन पर साथ काम किया है। इस दौरान अरिजीत और अनुष्का ने 'ट्रेस ऑफ यू' का एक गाना भी गाया। वहीं एक अन्य वीडियो में अरिजीत गिटार बजाते हुए सरगम गा रहे हैं। अरिजीत को स्टेज पर लाइव देखकर वहां मौजूद लोग काफी उत्साहित हो गए। वहीं उनके फैंस भी अपने पसंदीदा गायक को देखकर काफी खुश हैं।
अरिजीत ने पिछले महीने की थी प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने की घोषणा
अरिजीत सिंह ने पिछले महीने की 27 तारीख को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए प्लेबैक सिंगिंग से अपने रिटायरमेंट की घोषणा की थी। अपनी इस पोस्ट में उन्होंने बताया था कि वो अब प्लेबैक सिंगर के रूप में कोई काम नहीं करेंगे। उन्होंने इतने साल तक प्यार और समर्थन देने के लिए अपने फैंस का आभार भी व्यक्त किया था। साथ ही अरिजीत ने ये भी साफ किया था कि वो संगीत बनाना जारी रखेंगे। कॉन्सर्ट, लाइव शो और अपने इंडिपेंडेंट गाने बनाते रहेंगे। सिर्फ फिल्मों में बतौर प्लेबैक सिंगर काम नहीं करेंगे।