इस साल भारत से हिंदी शॉर्ट फिल्म 'अनुजा' ऑस्कर के लिए नामांकित हुई थी। लेकिन ये फिल्म 97वें एकेडमी अवॉर्ड्स में अवॉर्ड नहीं जीत सकी। यह फिल्म 'बेस्ट लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्म' के लिए ऑस्कर में नामांकित हुई थी। 'अनुजा' फिल्म का मुकाबला 'ए लीन', आई एम नॉट ए रोबोट, द लास्ट रेंजर और 'द मैन हू कुड नॉट रिमेन साइलेंट' से था। यह अवॉर्ड डच फिल्म 'आई एम नॉट ए रोबोट' को मिला। 'अनुजा' ऑस्कर अवॉर्ड नहीं जीत सकी लेकिन इस फिल्म ने कई दूसरे अवॉर्ड अपने नाम किए हैं। फिल्म की कहानी भी दिलचस्प है।
फिल्म ने जीते ये अवॉर्ड
'अनुजा' फिल्म ऑस्कर में 'आई एम नॉट ए रोबोट' से हार गई लेकिन फिल्म ने कई अवॉर्ड्स अपने नाम किए हैं। इस फिल्म ने 'होलीशॉर्ट्स फिल्म फेस्टिवल' में 'बेस्ट लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्म' अवॉर्ड जीता है। इसके अलावा 'अनुजा' ने 'न्यू यॉर्क शॉर्ट इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल' अवॉर्ड जीता। फिल्म ने 'मोंटक्लेयर फिल्म फेस्टिवल' में 'ऑडियंस अवॉर्ड' अपने नाम किया है। इन अवॉर्ड्स को जीतने के बाद 'अनुजा' अकेडमी अवॉर्ड के लिए नामांकित हुई थी।
यह खबर भी पढ़ें: Oscar Award 2025: ‘अनोरा’ ने झटके बेस्ट फिल्म समेत पांच ऑस्कर, एड्रियन ब्रॉडी और मिकी मैडिसन बने बेस्ट एक्टर्स
अनुजा
- फोटो : वीडियो ग्रैब
क्या है 'अनुजा' फिल्म की कहानी?
फिल्म 'अनुजा' की कहानी दिल्ली की कपड़ा फैक्ट्री में काम करने वाली दो बहनों पर आधारित है। ये फिल्म अनुजा (सजदा पठान) और पलक (अनन्या शानबाग) के संघर्ष की कहानी है। इसमें बाल श्रम की समस्या को दिखाया गया है। फिल्म में दिखाया गया है कि बाल श्रम गैर कानूनी है लेकिन मालिक छोटे बच्चों की उम्र के बारे में झूठ बोलकर नियमों की धज्जियां उड़ाते हैं और उनसे बाल मजदूरी करवाते हैं। इस बीच एक शिक्षक अनुजा के लिए एक मौका लेकर फैक्ट्री में आते हैं। वह कहते हैं कि अगर वह बोर्डिंग स्कूल के लिए प्रवेश परीक्षा दे पाती है और पास हो जाती है, तो उसे छात्रवृत्ति मिलेगी। लेकिन प्रवेश परीक्षा की फीस 400 रुपये है, जो बहनों के लिए जुटा पाना बहुत मुश्किल है। फिल्म में दोनों लड़कियों का संघर्ष और उनके बीच का प्यार दिखाया गया है।
यह खबर भी पढ़ें: Sankranthiki Vasthunam: ओटीटी पर धूम मचा रही साउथ की ये फिल्म, रिलीज से अब तक कमा चुकी है 300 करोड़
असल जिंदगी में अनाथ है 'अनुजा'
'अनुजा' फिल्म में सजदा पठान नाम की लड़की ने अहम किरदार अदा किया है, जिसकी उम्र नौ साल है। यह बच्ची असल जिंदगी में अनाथ है। यह लड़की दिल्ली की 'सलाम बालक ट्रस्ट' में रहती है। सजदा पठान पहले भी 'ब्रेड' नाम की फिल्म में काम कर चुकी है। अनुजा साल 2024 में रिलीज हुई अमेरिकी शॉर्ट फिल्म है। यह हिंदी में बनाई गई है। फिल्म के लेखक और निर्देशक ग्रेव्स हैं। फिल्म की प्रोड्यूसर गुनीत मोंगा और प्रियंका चोपड़ा हैं।।