निर्देशक आनंद एल राय की हालिया रिलीज फिल्म ‘तेरे इश्क में’ अभी भी सिनेमाघरों में बनी हुई है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 15 दिनों में 109 करोड़ से ऊपर की कमाई कर चुकी है। इस फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया हासिल हुई है। इस बीच अब आनंद एल राय ने शाहरुख खान के साथ अपनी फिल्म ‘जीरो’ के फ्लॉप होने को लेकर बात की है।
मैं शाहरुख के स्टारडम को नहीं समझ पाया
ग्लाटा प्लस के साथ बातचीत के दौरान निर्देशक आनंद एल राय ने 2018 में आई फिल्म ‘जीरो’ के फ्लॉप होने पर बात की। निर्देशक ने कहा कि ‘जीरो’ के साथ समस्या यह थी कि सुपरस्टार मेरे पास बहुत प्यार लेकर आए थे। लेकिन मैं कभी यह नहीं समझ पाया कि उनकी छवि फिल्म का हिस्सा होनी चाहिए। मैं एक बड़े अभिनेता के साथ काम कर रहा था, लेकिन मुझे बाद में एहसास हुआ कि मुझे उनकी छवि का ध्यान रखना होगा। मैं शाहरुख की स्टारडम का फायदा नहीं उठा पाया। शायद मैं अपने किरदारों में स्टारडम को ठीक से ढाल नहीं पाता। मैं हवा में तैर रहा था और मेरा संतुलन बिगड़ा हुआ था।
मैं और शाहरुख शूटिंग का आनंद ले रहे थे
शाहरुख के साथ शूटिंग के अनुभव के बारे में बात करते हुए निर्देशक ने कहा कि मैं इस सफर का आनंद ले रहा था और मुझसे भी ज्यादा शाहरुख को मजा आ रहा था। बाद में यह बात थोड़ी डरावनी लगने लगी क्योंकि हममें से किसी एक को रुककर कहना चाहिए था, ‘ये तो स्टार हैं।’ उन्होंने कभी इस बारे में बात नहीं की और मुझे कभी समझ नहीं आया। शायद तब हालात कुछ और होते।
यह खबर भी पढ़ेंः इस अंदाज में लियोनेल मेसी से मिले शाहरुख खान, साथ में दिखे बेटे अबराम; वीडियो हुआ वायरल
आनंद एल राय का वर्कफ्रंट
आनंद एल राय की हालिया रिलीज फिल्म ‘तेरे इश्क में’ है। इससे पहले आनंद एल राय ‘जीरो’, ‘तनु वेड्स मनु’, ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’, ‘रांझणा’, ‘अतरंगी रे’ और ‘रक्षाबंधन’ जैसी फिल्में बना चुके हैं। आनंद एल राय ‘तेरे इश्क में’ से भी ‘रांझणा’ जैसी सफलता की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन फिल्म दर्शकों को उतना प्रभावित नहीं कर पाई।