बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने 83वें जन्मदिन के मौके पर केबीसी के एपिसोड में पत्नी जया बच्चन को लेकर एक दिलचस्प किस्सा सुनाया। दरअसल 'कौन बनेगा करोड़पति 17' के एक खास एपिसोड में जब उनके साथ लेखक जावेद अख्तर और अभिनेता-निर्देशक फरहान अख्तर मौजूद थे, तब बिग बी ने अपनी सुपरहिट फिल्म 'लावारिस' के मशहूर गाने ‘मेरे अंगने में’ से जुड़ी एक पुरानी याद साझा की।
जया बच्चन को नहीं पसंद आया था गाना
अमिताभ बच्चन ने बताया कि फिल्म की ट्रायल स्क्रीनिंग के दौरान जब ये गाना चला, तो जया बच्चन नाराज होकर थिएटर से उठकर चली गईं। उन्होंने कहा, 'जब गाना शुरू हुआ, देवी जी सीट से उठीं और सीधे बाहर निकल गईं। बाद में उन्होंने मुझे जमकर डांटा।' अमिताभ ने हंसते हुए कहा कि जया को यह गाना बिल्कुल पसंद नहीं आया था और उन्होंने साफ कहा था, 'तुमने ऐसा गाना करने की हिम्मत कैसे की?'
बिग बी ने निभाए थे महिला किरदार
दरअसल, फिल्म लावारिस (1981) में अमिताभ ने इस गाने के लिए कई महिला किरदारों के रूप में खुद को सजाया था – छोटी, लंबी, मोटी, पतली हर तरह की औरत के रूप में। उस दौर में यह गाना सुपरहिट हुआ था, लेकिन लगता है कि घर में इसकी कीमत उन्हें चुकानी पड़ी।
15 साल बाद फिर हुई मजेदार घटना
अमिताभ ने मुस्कुराते हुए आगे बताया कि करीब 15 साल बाद जब वो किसी अवॉर्ड फंक्शन में यही गाना परफॉर्म कर रहे थे, तब उन्होंने मंच पर उन सभी प्रकार की महिलाओं को बुलाया जिनका जिक्र गाने में किया गया था। उन्होंने मजाक में कहा, 'जब बारी आई ‘छोटी’ वाली लाइन की, तो मैंने कहा- उसे बुलाने की जरूरत नहीं, वो तो मेरे पास ही है।' इसके बाद उन्होंने जया को मंच पर उठाकर गोद में ले लिया और कहा, 'गोद में उठा लो, बच्चे का क्या काम है।'
यह खबर भी पढ़ें: विजय देवरकोंडा के बाद अब रश्मिका मंदाना के हाथ में दिखी इंगेजमेंट रिंग, फैंस बोले- अब तो खबर पक्की
फिर बिग बी ने हंसते हुए बताया, 'माइक पास था, मुझे लगा अब वो भी कुछ बोलेंगी, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं कहा। वो बस मेरे गालों से लिपस्टिक के निशान साफ कर रही थीं! यही होती है एक पत्नी की असली आदत- बाकी कुछ नहीं दिखता, बस लिपस्टिक के निशान!'
‘टिपिकल वाइफ ट्रेट’ पर अमिताभ का मजाकिया कमेंट
अमिताभ बच्चन ने कहा कि ये वही ‘टिपिकल वाइफ ट्रेट’ है जो हर पति-पत्नी के रिश्ते में झलकता है, जहां प्यार भी है, शिकायत भी, लेकिन रिश्ता हंसी-मजाक में और गहरा हो जाता है। दर्शकों ने इस किस्से पर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ प्रतिक्रिया दी।
अमिताभ-जया की प्रेम कहानी
अमिताभ और जया बच्चन की कहानी बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत प्रेम कहानियों में गिनी जाती है। दोनों की मुलाकात एफटीआईआई पुणे में हुई थी, फिर 1971 में फिल्म गुड्डी के सेट पर उनकी दोस्ती प्यार में बदली। जंजीर (1973) की सफलता के बाद दोनों ने उसी साल 3 जून को शादी कर ली। शादी बेहद सादगी से हुई थी, जिसमें केवल परिवार और कुछ करीबी दोस्त मौजूद थे।
वक्त के साथ दोनों ने साथ में कई यादगार फिल्में दीं — अभिमान, शोले, चुपके चुपके, मिली, सिलसिला और कभी खुशी कभी ग़म जैसी फिल्मों ने इनकी जोड़ी को अमर बना दिया। आज दोनों के बच्चे श्वेता नंदा और अभिनेता अभिषेक बच्चन भी इंडस्ट्री में अपने-अपने मुकाम पर हैं।