अमिताभ बच्चन के फैंस शहंशाह के साथ ही साथ अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन और आराध्या के लिए भी प्रार्थना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई ऐसे पोस्ट देखने को मिल रहे हैं, जहां पर फैंस बच्चन परिवार के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और सेहत में सुधार की बात कर रहे हैं।
सेंड आर्टिस्ट मानस ने भी अमिताभ बच्चन की सेहत सलमती की दुआ मांगी है। मानस ने सोशल मीडिया पर सेंड आर्ट बनाई है जो तेजी से वायरल हो रही है।
अभिषेक बच्चन ने रविवार दोपहर बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने की खबरों के बीच ट्वीट कर साफ किया है कि वह अपने पिता के साथ अस्पताल में ही रहेंगे। आराध्या और ऐश्वर्या के सेल्फ क्वारंटीन में रहने की जानकारी देते हुए अभिषेक ने लिखा कि जब तक चिकित्सक उनके घर जाने के बारे में एक राय नहीं बना लेते, वह अपने पिता के साथ अस्पताल में ही उनकी निगरानी में रहते रहेंगे।
सोशलमीडिया पर फैंस अमिताभ की पुरानी फिल्मों के पोस्टर भी साझा कर रहे हैं।
अमिताभ बच्चन के लिए बीएमसी ने भी ट्वीट किया है। बीएमसी ने अपने ट्वीट में लिखा- आप एक लीजेंड और वॉरियर हैं, आप और अभिषेक जरूर इस कोरोना वायरस को मात दे दे देंगे।
दिग्गज कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का अमिताभ बच्चन के लिए आशावादी वीडियो वायरल हो रहा है। राजू वीडियो में कहते हैं कि बच्चन साहब को जीतना आता है। वो शुरू से मुसीबतों से लड़ते आए हैं और जीतते आए हैं। इस बार भी वो जीत जाएंगे।
एक फैन ने अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन की सेहत के लिए दुआ मांगते हुए कहा- आप लोग जल्दी से ठीक हो जाएं। आप तो इस देश की शान हैं।
फैंस बच्चन परिवार के लिए दुआ मांग रहे हैं। ऐसे में एक फैन ने लिखा- श्री अमिताभ बच्चन, अभिषेक, ऐश्वर्या और आराध्या के कोरोना संक्रमित होने की खबर से सभी चिंतित हैं लेकिन हम सभी की प्रार्थनाएँ आपके साथ हैं।
ईश्वर बच्चन परिवार को सुरक्षित रखे और आप सब शीघ्र ही ठीक होकर अपने घर लौटें, ऐसी मेरी प्रार्थना है।
अमिताभ के एक फैन ने ट्वीट करते हुए लिखा- सर आप परेशान मत होइए, हम सब लोग भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं। हम आपको बहुत प्यार करते हैं। मेरी मम्मी बहुत परेशान हो रही है। जब तक आप ठीक नहीं होते, तब तक हम लोग परेशान ही रहेंगे। लेकिन आप जल्दी ठीक हो जाएंगे।
बता दें कि अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन जहां मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती हैं तो वहीं ऐश्वर्या राय बच्चन और आराध्या बच्चन घर पर ही क्वारंटीन हैं।
पूरे देश में अमिताभ बच्चन के कुशल स्वास्थ्य के लिए पूजा पाठ जारी है। सोशल मीडिया पर कई वीडियोज सामने आए हैं। ऐसा ही एक वीडियो विंध्यांचल से सामने आया है।
लता मंगेशकर ने अमिताभ बच्चन के ट्वीट पर लिखा- नमस्कार अमित जी, आप और अभिषेक दोनों पर भगवान की कृपा होगी और आप जल्द स्वस्थ्य होकर घर आएंगे, ऐसा मुझे विश्वास है।
अमिताभ बच्चन के एक फैन ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'अभिताभ बच्चन साहब आप सदी के महानायक हैं और बहुत ही अच्छे इंसान भी हैं। पूरा देश आपके स्वस्थ होने की कामना कर रहा हैं और हमें विश्वास हैं आप जल्द ही स्वस्थ हो जाएँगे। पूरे देश को इंतज़ार है कि आप और आपका परिवार स्वस्थ होकर जल्द घर लौटे।'
सोशल मीडिया पर अमिताभ के फैंस बच्चन के लिए खूब पोस्ट कर रहे हैं। फैंस शहंशाह के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और कह रहे हैं कि अमिताभ हराएंगे महामारी को।
हाल ही में रिलीज हुई एक वेब सीरीज में अभिषेक बच्चन के साथ नजर आए अभिनेता अमित साध भी कोरोना टेस्ट करवाएंगे। इस बात की जानकारी खुद अभिनेता ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में दी है।
अमिताभ के फैंस सीनियर और जूनियर बच्चन के लिए फिल्म अग्निपथ के डायलॉग्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे ही एक फैन ने लिखा- तू न थकेगा कभी, तू न रुकेगा कभी, तू न मुड़ेगा कभी, कर शपथ, कर शपथ, कर शपथ, अग्निपथ अग्निपथ अग्निपथ।
अमिताभ बच्चन के फैंस इस बात से बेहद उदास हैं कि अभिनेता कोरोना संक्रमित हो गए हैं, हालांकि अच्छी बात ये है कि अभिनेता में कोरोना के हल्के फुल्के लक्षण हैं और वो जल्दी ही ठीक हो जाएंगे। लेकिन फैंस को ये बात भी नागवार गुजर रही है।
अलग अलग मीम्स से अमिताभ बच्चन के फैंस कोरोना पर निशाना साध रहे हैं। ऐसे में फिल्म जॉली एलएलबी 2 का एक सीन भी वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर कई ऐसे मीम्स अमिताभ बच्चन के फैंस साझा कर रहे हैं, जो कोविड 19 से परेशान हो गए हैं।
अमिताभ बच्चन ने वैसे तो अपने करियर में एक से एक दमदार किरदार किए हैं। लेकिन फैंस के लिए दिलों में फिल्म सूर्यवंशम के लिए एक अलग ही जगह है। अमिताभ के डबल रोल वाली इस फिल्म में एक जहरीली खीर का सीन फैंस को भुलाए नहीं भूलता है। ऐसे में एक बार फिर उस सीन का मीम वायरल हो रहा है, जिसमें फैंस कह रहे हैं कि जब जहर वाली खीर कुछ नहीं कर पाई तो कोरोना क्या कर लेगा, आप जल्दी ही ठीक हो जाएंगे सर।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी अमिताभ बच्चन के स्वास्थ्य के लिए ट्वीट किया। हेमंत ने अपने ट्वीट में लिखा, ' अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन के कोरोना संक्रमित होने की खबर मिली। आप दोनों के लिए मेरी प्रार्थना और बहुत सारा प्यार। आप दोनों जल्दी से स्वस्थ्य हो जाएं। इसके साथ ही सभी से निवेदन है कि मास्क पहनें और घर पर सुरक्षित रहें।'
अमिताभ बच्चन के ट्वीट पर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने भी सोशल मीडिया पोस्ट किया है। सचिन ने अमिताभ के ट्वीट पर लिखा- अपना ख्याल रखिए अमित जी और जल्दी से ठीक हो जाएं। बहुत सारा प्यार और प्रार्थनाएं।
फैंस अमिताभ के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। एक फैन ने लिखा- हर बार की तरह इस बार भी इस महामारी को भी हराकर आपको हमलोगो के लिये वापस तरोताज़ा होकर आना पड़ेगा।
अमिताभ बच्चन के बाद एक बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर के घर तक कोरोना पहुंच गया है। अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो जारी करते हुए इस बात की जानकारी दी है। अनुपम खेर ने बताया कि उनकी मां और भाई कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। वहीं अभिनेता की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
अभिषेक बच्चन ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया है। अभिषेक ने अपनी तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा, 'मैं और मेरे पिता (अमिताभ बच्चन) कल कोरोना संक्रमित पाए गए। हम दोनों में ही कोविड 19 के हल्के फुल्के लक्षण हैं। हमने अपने सभी परिजनों और जरूरी अथोरिटीज को इसकी जानकारी दे दी है, और सभी का कोरोना टेस्ट हो गया है। बीएमसी हमारे साथ है और हम उनकी पूरी मदद कर रहे हैं। मैं सभी से निवेदन करता हूं कि परेशान न हों। धन्यवाद।'
हाल ही में जहां अमिताभ का बच्चन के बंगले जलसा को सेनिटाइज किया गया है तो वहीं अब मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिनेता के बाकी दो बंगलों प्रतीक्षा और जनक को भी सेनेटाइज किया जाएगा। वहीं याद दिला दें कि जलसा के इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है।
अमिताभ के कोरोना संक्रमित होने की खबर सामने आने के साथ ही सोशल मीडिया पर #AmitabhBachchan ट्रेंड करने लगा और सोशल मीडिया यूजर्स अमिताभ के लिए ट्वीट करने लगे। बॉलीवुड सितारों के साथ ही आम फैंस भी अभिनेता के स्वस्थ्य होने की दुआ कर रहे हैं।
पढ़ें: अमिताभ और अभिषेक बच्चन हुए कोरोना संक्रमित, सोशल मीडिया पर दुआओं की बाढ़