अमिताभ बच्चन के फैंस उनके जन्मदिन के मौके पर सड़क के किनारे जश्न मनाते नजर आए।
अमिताभ के घर के बाहर फैंस का जमावड़ा
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा जा सकता है कि अमिताभ बच्चन के घर के बाहर उन्हें बधाई देने के लिए कई फैंस जमा हुए। इस मौके पर दो फैंस नाचते-गाते नजर आए। इनमें से एक फैन ने अपना लुक अमिताभ बच्चन की तरह बनाया हुआ था। दोनों अमिताभ के गाने 'खईके पान बनारस वाला' पर नाच रहे थे। इस वीडियो पर कई फैंस ने अमिताभ को जन्मदिन की बधाई दी है और दिल वाला इमोजी कमेंट किया है।
बेटी और नातिन ने दी बधाई
इंस्टाग्राम पर एक दूसरा वीडियो वायरल है। इसमें देखा जा सकता है कि अमिताभ बच्चन के घर से एक लग्जरी कार निकल रही है। कार में अमिताभ बच्चन की बेटी श्वेता बच्चन नंदा और नातिन नव्या नवेली नंदा नजर आ रही हैं। बताया जाता है कि दोनों अमिताभ बच्चन को जन्मदिन की बधाई देने के लिए उनके घर आईं थीं।
अमिताभ बच्चन के बारे में
आपको बता दें कि अमिताभ बच्चन का जन्म 1942 में आज ही के दिन हुआ था। भारतीय सिनेमा के इतिहास में उन्हें सबसे कामयाब अभिनेताओं में से एक माना जाता है। पांच दशकों से अधिक के सिनेमाई करियर में उन्होंने 200 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है। उन्हें बॉलीवुड का शहंशाह, सदी के महानायक, बॉलीवुड का स्टार ऑफ द मिलेनियम और बिग बी जैसे नामों से बुलाया जाता है।
यह खबर भी पढ़ें: 'शोले' से लेकर 'ब्रह्मास्त्र' तक, यादगार हैं अमिताभ की ये फिल्में; दमदार किरदार से जीता दर्शकों का दिल