निर्देशक इम्तियाज अली बॉलीवुड में अलग किस्म की फिल्में बनाने के लिए मशहूर हैं। वे अपनी फिल्मों में मानवीय रिश्तों को बेहद बारीकी से दिखाते हैं। दर्शकों में अभी से ही 'अमर सिंह चमकीला' के लिए काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
फिल्म निर्माता-निर्देशक इम्तियाज अली इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'अमर सिंह चमकीला' को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। उनकी इस फिल्म में परिणीति चोपड़ा और दिलजीत दोसांझ अहम भूमिका में दिखाई देने वाले हैं। हाल ही में इम्तियाज अपनी आने वाली फिल्म और बॉलीवुड के भविष्य के बारे में मीडिया से खुलकर बातें करते दिखाई दिए।
विज्ञापन
बॉलीवुड नहीं बंद होने वाला
निर्देशक इम्तियाज अली बॉलीवुड में अलग किस्म की फिल्में बनाने के लिए मशहूर हैं। वे अपनी फिल्मों में मानवीय रिश्तों को बेहद बारीकी से दिखाते हैं। दर्शकों में अभी से ही 'अमर सिंह चमकीला' के लिए काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। पिछले दिनों अपनी इसी फिल्म के प्रमोशन ने दौरान इम्तियाज ने कहा, 'देखिए अगर अच्छी फिल्में बनेंगी तो दर्शक सिनेमाहॉल तक आएंगे ही। मैं कितने साल से सुनता आया हूं कि फिल्म इंडस्ट्री बंद होने जा रही है, लेकिन आप जान लीजिए यह कभी बंद नहीं होगी।'
हम जिंदा रखेंगे सिनेमा को
इम्तियाज अली अपनी बात जारी रखते हुए कहते हैं, 'जब मैं इंडस्ट्री में आया था तब भी यही सुन रहा था कि बॉलीवुड अब नहीं बचने वाला है। अब लोग नहीं जाएंगे सिनेमा देखने के लिए, लेकिन यह नामुमकिन है। हम जैसे सपने देखने वाले लोग जब तक जिंदा हैं तब तक बॉलीवुड नहीं बंद होने वाला है। हम सिनेमा को बचा कर रखेंगे।'
ओटीटी प्लेटफॉर्म का सिनेमाहॉल से नहीं मुकाबला
इम्तियाज अली से जब पूछा गया कि उन्हें भी लगता है कि ओटीटी प्लेटफॉर्म की वजह से लोग थियेटर में आना बंद कर देंगे। इस सवाल के जवाब में वे कहते हैं, 'देखिए इससे पहले भी जब वीसीआर आया था तब भी बहुत से लोगों ने यही बातें कही थीं। जब रंगीन टेलीविजन आया था, तब भी लोगों को यही लगा था कि अब दर्शक सिनेमाहॉल में नहीं आएंगे, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। दर्शक आज भी सिनेमा देखने के लिए घर से बाहर निकल रहे हैं। ओटीटी प्लेटफॉर्म की वजह से बॉलीवुड नहीं बंद होने जा रहा है।'