बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाने वाली अभिनेत्री आलिया भट्ट के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। अपनी शानदार अदाकारी और अलग-अलग तरह के किरदारों से दर्शकों का दिल जीतने वाली आलिया अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सुर्खियां बटोर रही हैं।
विज्ञापन
उन्हें टाइम मैगजीन की पहली टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया लिस्ट के कवर स्टार के तौर पर जगह मिली है। मैगजीन ने फिल्म इंडस्ट्री में उनके सफर, फिल्मों में उनके किरदारों के चुनाव और फिल्म सेट पर महिलाओं के लिए बेहतर कामकाजी माहौल की वकालत करने के उनके प्रयासों को सराहा है।
Trending Videos
आलिया भट्ट
- फोटो : इंस्टाग्राम
आलिया को बताया 'बॉलीवुड आइकन'
टाइम मैगजीन ने इंस्टाग्राम पर आलिया को कवर स्टार घोषित करते हुए उन्हें 'बॉलीवुड आइकन' बताया। मैगजीन ने लिखा, 'हमारी पहली टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया लिस्ट की कवर स्टार से मिलिए, बॉलीवुड आइकन आलिया भट्ट।'
इसके साथ ही प्रकाशन ने इस बात पर भी गौर किया कि कैसे आलिया ने इंडस्ट्री में एक नई कलाकार के तौर पर शुरुआत की और धीरे-धीरे चुनौतीपूर्ण और अलग-अलग तरह के किरदार निभाने वाली अभिनेत्री के रूप में अपनी पहचान बनाई।
आलिया भट्ट
- फोटो : इंस्टाग्राम@aliaabhatt
'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से की शुरुआत
आलिया भट्ट ने साल 2012 में करण जौहर की फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से बतौर लीड एक्ट्रेस बॉलीवुड में कदम रखा था। हालांकि, साल 2014 में इम्तियाज अली की फिल्म 'हाईवे' उनके करियर का अहम मोड़ साबित हुई।
इस फिल्म में उन्होंने वीरा त्रिपाठी का किरदार निभाया था, जो किडनैप होने के बाद खुद को समझने और अपनी जिंदगी को नए नजरिए से देखने का सफर तय करती है। इस फिल्म ने दर्शकों के बीच आलिया की अभिनय क्षमता को लेकर बनी धारणा बदल दी।
मैगजीन के मुताबिक, आलिया का फिल्मी सफर ऐसे दौर में आगे बढ़ा, जब बॉलीवुड का पारंपरिक स्टार सिस्टम बदल रहा था और कलाकारों के सामने एक नई तरह की सेलिब्रिटी संस्कृति की चुनौतियां थीं। 'हाईवे' के बाद आलिया ने लगातार ऐसे किरदार चुने, जिनमें उन्हें अपनी अभिनय क्षमता दिखाने का मौका मिला।
फिल्म 'उड़ता पंजाब' में उन्होंने पंजाब के ड्रग्स कारोबार के बीच फंसी बिहार की एक प्रवासी मजदूर का किरदार निभाया। इस फिल्म में उनके अभिनय के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस का अवार्ड भी मिला।
आलिया भट्ट
- फोटो : इंस्टाग्राम
कमर्शियल फिल्मों में भी आलिया ने किया काम
अपने करियर में आलिया ने जहां '2 स्टेट्स' जैसी कमर्शियल फिल्मों में काम किया, वहीं 'राजी', 'डियर जिंदगी' और 'गली बॉय' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों और समीक्षकों का ध्यान खींचा। अलग-अलग जॉनर की फिल्मों में काम करके उन्होंने अपनी बहुमुखी प्रतिभा साबित की है।
सिर्फ फिल्मों ही नहीं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं के लिए बेहतर कामकाजी माहौल बनाने की पैरवी को लेकर भी आलिया चर्चा में रही हैं। खासतौर पर फिल्म सेट पर महिलाओं की सुविधाओं और उनके काम करने की परिस्थितियों को बेहतर बनाने की दिशा में उनकी आवाज को मैगजीन ने अहमियत दी है।
हाल ही में आलिया मुंबई में आयोजित अर्थशॉट प्राइज 2026 के ग्रीन कार्पेट पर भी अपने लुक को लेकर चर्चा में रही थीं। इस दौरान वह डिजाइनर रितु कुमार के तैयार किए गए ब्लैक और एंटीक गोल्ड रंग के बेहद खूबसूरत आउटफिट में नजर आई थीं।
राजामौली ने की आलिया की तारीफ
एसएस राजामौली ने आलिया पर फीचर लिखा। फिल्म 'आरआरआर' में आलिया के साथ काम करने वाले राजामौली ने शूटिंग की यादें ताजा करते हुए काफी कुछ शेयर किया। राजामौली ने कहा, 'जब आलिया फिल्म 'आरआरआर' में आईं, उनके किरदार सीता के कुछ ही सीन थे। उनकी ज्यादातर कहानी इंतजार में थी, जो वह कह नहीं सकती थीं। आलिया हिंदी सिनेमा से आई थीं और उन्होंने अपने तेलुगु पर तब तक काम किया, जब तक हर लाइन उन्हें अपनी नहीं लगने लगी। सेट पर उन्होंने सीता का रोल ऐसे किया, जैसे पूरी फिल्म उन्हीं के कंधों पर हो। यही आलिया हैं, उनके लिए कोई भी रोल छोटा नहीं है।'
इन फिल्मों में नजर आएंगी आलिया भट्ट
वर्कफ्रंट की बात करें तो आलिया जल्द ही सोहम शाह के साथ फिल्म 'तुम्बाड 2' में अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी। इसके अलावा वह संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' का भी हिस्सा हैं। इस फिल्म में उनके साथ रणबीर कपूर और विक्की कौशल दिखाई देंगे।
साल 2012 में अपने करियर की शुरुआत करने वाली आलिया के लिए टाइम मैगजीन की इस लिस्ट का कवर स्टार बनना एक और बड़ी उपलब्धि है। यह उनके अब तक के फिल्मी सफर और इंडस्ट्री में बनाई गई पहचान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली एक नई पहचान भी है।