केसरी चैप्टर 2 के किरदारों के नामों से उठा पर्दा
- फोटो : इंस्टाग्राम@dharmamovies
अक्षय कुमार, आर माधवन और अनन्या पांडे की आगामी फिल्म ‘केसरी चैप्टर 2’ को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। दर्शक फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मेकर्स भी दर्शकों का ये उत्साह बनाए रखने के लिए, फिल्म से जुड़ी अपडेट लगाजारी जारी कर रहे हैं। अब मेकर्स ने फिल्म से जुड़ी एक और बड़ी जानकारी साझी की है और ये बता दिया है कि फिल्म का ट्रेलर कब आने वाला है।
अक्षय कुमार ने साझा की जानकारी
अभिनेता अक्षय कुमार ने फिल्म के ट्रेलर को लेकर बड़ी जानकारी साझा की है। अक्षय कुमार ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का एक पोस्टर शेयर किया है। इस पोस्टर में फिल्म के चारों मुख्य कलाकार अक्षय कुमार, आर माधवन, अनन्या पांडे और साइमन नजर आ रहे हैं। चारों कलाकार अपने-अपने लुक में नजर आ रहे हैं और इनकी तस्वीरें एक दीवार या दरवाजे पर पोस्टर की तरह लगी प्रतीत होती हैं। नीचे कई लोगों की लाशें पड़ी हैं, जो संभवत: जालियांवाला बाग की घटना को दर्शाती हैं। इस पोस्टर को शेयर करते हुए अक्षय कुमार ने कैप्शन में लिखा है, “1650 गोलियां, 10 मिनट और एक आदमी जो इनके खिलाफ दहाड़ता रहा। भारत को हिला देने वाले उस भयानक नरसंहार की कहानी के साक्षी बनिए। केसरी चैप्टर 2 का ट्रेलर कल जारी होगा।”
यह खबर भी पढ़ें: Kantara Chapter 1: आगे बढ़ गई कांतारा चैप्टर 1 की रिलीज? मेकर्स ने बताई सच्चाई; जानें कब आ रही है फिल्म
जारी हो चुका है फिल्म का टीजर
फिल्म से अक्षय कुमार, आर माधवन और अनन्या पांडे के किरदारों की पहली झलक पहले ही जारी की जा चुकी है। फिल्म के टीजर के सामने आने के बाद से ही फिल्म को लेकर लोगों में उत्साह बना हुआ है। अब कल यानी 3 अप्रैल को फिल्म का ट्रेलर भी सामने आ रहा है। ‘केसरी चैप्टर 2’ 18 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
यह खबर भी पढ़ें: Sunny Deol: 'जाट' की रिलीज से पहले सनी देओल ने किया खुलासा, 'गदर 2' बनाने से डरे थे एक्टर
शंकरन नायर की भूमिका में नजर आएंगे अक्षय कुमार
केसरी चैप्टर 2 की कहानी जलियांवाला बाग में हुए अब तक के सबसे भयानक और क्रूर नरसंहार के ऊपर आधारित है। फिल्म में अक्षय कुमार सी. शंकरन नायर की भूमिका में नजर आएंगे, जिन्होंने उस समय ब्रिटिश राज के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ी थी और सच उजागर करने की कोशिश की थी। इसके अलावा आर माधवन नेविल मैकिन्ले के किरदार में दिखेंगे और अनन्या पांडे दिलरीत गिल के किरदार में नजर आएंगी।