तमिल सुपरस्टार अजित कुमार अपने शानदार अभिनय के अलावा रेसिंग के प्रति अपने जुनून को लेकर भी अक्सर चर्चाओं में रहते हैं। वो अक्सर रेसिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते रहते हैं। हालांकि, इस दौरान उन्हें कई बार जोखिम का भी सामना करना पड़ता है और वो हादसे का भी शिकार हो चुके हैं। अब एक बार फिर अजित कुमार की रेसिंग टीम ने एक उपलब्धि हासिल की है। अभिनेता की रेसिंग टीम ने बेल्जियम के प्रतिष्ठित स्पा फ्रैंकोरचैम्प्स सर्किट में दूसरा स्थान हासिल किया है।
इस साल फिनिश किया तीसरा पोडियम
अजित कुमार की रेसिंग टीम लगातार मजबूत होती जा रही है और अपने खाते में नई-नई उपलब्धियां जोड़ती जा रही है। बेल्जियम के स्पा फ्रैंकोरचैम्प्स सर्किट में दूसरा स्थान हासिल करते ही, अजित कुमार की टीम ने इस साल तीसरी बार पोडियम फिनिश किया है। अजित कुमार ने पोडियम पर भारतीय तिरंगा थामा और पूरे देश को गौरवान्वित किया। अब अभिनेता और उनकी रेसिंग टीम की तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
यह खबर भी पढ़ें: Jr NTR-Prashanth Neel: इस दिन रिलीज होगी जूनियर एनटीआर-प्रशांत नील की फिल्म, मैंगलोर में हो रही शूटिंग
अजित कुमार की रेसिंग टीम ने साझा की तस्वीर
अजित कुमार रेसिंग के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज से भी इस इवेंट की तस्वीरें शेयर की गई हैं। एक तस्वीर को साझा करते हुए अजित कुमार रेसिंग की ओर से कैप्शन में लिखा गया, “भारतीय मोटरस्पोर्ट के लिए गर्व का क्षण। अजित कुमार और उनकी टीम ने बेल्जियम के प्रतिष्ठित स्पा फ्रैंकोरचैम्प्स सर्किट में एक उल्लेखनीय पी2 पोडियम फिनिश हासिल किया। वैश्विक रेसिंग मंच पर जुनून, निरंतरता और दृढ़ता का एक मजबूत सबूत।”
यह खबर भी पढ़ें: Kingdom: तय समय पर रिलीज नहीं होगी विजय देवरकोंडा की 'किंगडम'? अनिरुद्ध रविचंदर बने फिल्म में देरी की वजह
हाल ही में ‘गुड बैड अग्ली’ में नजर आए अजित कुमार
वर्कफ्रंट की बात करें तो अजित कुमार हाल ही में अपनी हालिया रिलीज ‘गुड बैड अग्ली’ में नजर आए थे। आदिक रविचंद्रन द्वारा निर्देशित यह फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। जिसे दर्शकों ने पसंद भी किया है। वो अब अपने रेसिंग करियर पर ध्यान केंद्रित करने के लिए समय निकाल रहे हैं। इससे पहले उन्होंने कहा था कि रेसिंग सीजन चलने तक वह फिल्में साइन नहीं करेंगे।