अजय देवगन और बेटे युग देवगन
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
अजय देवगन फिल्म ‘कराटे किड: लीजेंड्स में मिस्टर हान के जिस किरदार को आवाज दे रहे हैं, वह किरदार जैकी चैन ने निभाया है। मतलब ये कि फिल्म के हिंदी संस्करण में अजय देवगन मार्शल आर्ट्स फिल्मों के दिग्गज कहे जाने वाले जैकी चैन के किरदार की आवाज बन रहे हैं। वहीं फिल्म के लीड किरदार यानी कि ली फॉन्ग को परदे पर निभाने वाले बेन वांग की हिंदी संस्करण में आवाज बने हैं युग देवगन।
यह खबर भी पढ़ें: Cannes 2025: फिल्म ‘लापता लेडीज’ की ये एक्ट्रेस कान फेस्टिवल में आएंगी नजर, साथ ही दिखेंगी एक फेमस इंफ्लुएंसर
युग देवगन हाल ही में अजय देवगन की फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ की शूटिंग पर भी दिखाई दिए थे और तब ये चर्चा खूब हुई थी कि वह इस फिल्म से हिंदी फिल्मों में कदम रखने जा रहे हैं। लेकिन, काजोल ने ‘अमर उजाला’ से एक खास बातचीत में इसे महज एक अफवाह ही बताया था। अब युग इस अंतर्राष्ट्रीय फिल्म की हिंदी डबिंग से अपना फिल्मी करियर शुरू करने जा रहे हैं। वह अपनी डबिंग शुरू भी कर चुके हैं और डबिंग से जुड़े लोगों की मानें तो युग की आवाज में एक अलग ही खनक है।
फिल्म ‘कराटे किड: लीजेंड्स’ एक प्रशिक्षक और उसके शिष्य की ऐसी कहानी है जिसे देखने के लिए बड़े और बच्चे समान रूप से साल के शुरू से ही लालायित रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय फिल्मों की सबसे ज्यादा प्रतीक्षित फिल्मों में शुमार रही फिल्म फिल्म ‘कराटे किड: लीजेंड्स’ की एडवांस बुकिंग जल्द ही शुरू होने वाली है। इस शनिवार रिलीज हो रही ‘मिशन इंपॉसिबल’ फ्रेंचाइजी की आखिरी फिल्म ‘फाइनल रेकनिंग’ के दो हफ्ते बाद आ रही फिल्म ‘कराटे किड: लीजेंड्स’ को लेकर देश के सिनेमाघर मालिकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
यह खबर भी पढ़ें: Sooraj Pancholi: ‘ऐसी फिल्म करना चाहता था, जिससे सम्मान मिले’, ‘केसरी वीर’ से वापसी करने पर बोले सूरज पंचोली
फिल्म ‘कराटे किड: लीजेंड्स’ की कहानी अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर की पृष्ठभूमि में रची गई है। ये कहानी ली फॉन्ग के एक नए स्कूल में आने और उसके वहां के वातावरण में खुद को व्यवस्थित करने से शुरू होती है। उसके कुछ अनपेक्षित रिश्ते बनते हैं और वह पाता है कि वह एक स्थानीय कराटे चैंपियन के मुकाबले आ खड़ा हुआ है। अपने प्रशिक्षक मिस्टर हान के मार्गदर्शन के सहारे वह इस मुकाबले के लिए खुद को तैयार करता है और अपने भीतर के साहस और हौसले को फिर से खोजने में सफल रहता है।