हाल ही में मलयालम अभिनेत्री रिनी एन जॉर्ज ने केरल की एक राजनीतिक पार्टी के एक नेता पर उन्हें आपत्तिजनक संदेश भेजने और उनके साथ अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया। अब अभिनेत्री का कहना है कि इस खुलासे के बाद उन पर गंभीर साइबर हमला हो रहा है। अभिनेत्री ने इन साइबर हमलों के बाद चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ये साइबर हमले उन पर जारी रहे तो उन्हें नेता का नाम बताने पर मजबूर होना पड़ेगा।
रात से हो रहे साइबर हमले
एक्ट्रेस रिनी ने बुधवार रात को नेता के बारे में खुलासा किया था और गंभीर आरोप लगाए थे। अब अभिनेत्री का कहना है कि इस खुलासे के बाद से ही उन पर साइबर अटैक हो रहे हैं। एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि बुधवार रात से कई महिलाओं ने उसी नेता द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के अपने अनुभव साझा करने के लिए उनसे संपर्क किया है। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं के साथ ऐसा ही अनुभव हुआ है, उन्हें आगे आना चाहिए। रिनी ने कहा कि वह परिणामों से नहीं डरतीं और उनका सामना करने के लिए तैयार हैं। हालांकि, उन्होंने अभी तक यह तय नहीं किया है कि नेता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगी या नहीं। एक्ट्रेस ने कहा कि उनके खुलासे मीडिया का ध्यान आकर्षित करने के लिए नहीं थे, बल्कि वह उस अपराधी नेता का पर्दाफाश करना चाहती थीं।
एक दिन पहले अभिनेत्री ने लगाए थे आरोप
इससे एक दिन पहले बुधवार को मलयालम अभिनेत्री ने पत्रकारों को बताया था कि एक युवा नेता ने उन्हें आपत्तिजनक संदेश भेजे थे और उन्हें एक होटल में बुलाया था। अभिनेत्री ने बताया था कि नेता को चेतावनी देने और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से शिकायत करने के बावजूद, उनका दुर्व्यवहार जारी रहा। हालांकि, उन्होंने उस नेता का नाम बताने से इनकार कर दिया। अब जब इस खुलासे के बाद उन पर साइबर अटैक हुए, तब अभिनेत्री ने यह धमकी दी है कि अगर उन पर ये साइबर हमले बंद न हुए तो वो नेता का नाम भी बता देंगी।
यह खबर भी पढ़ेंः Rini Ann George: मलयालम अभिनेत्री रिनी एन जॉर्ज को एक नेता ने भेजा आपत्तिजनक संदेश, एक्ट्रेस ने लगाए आरोप
गरमाई प्रदेश की सियासत
इस बीच भाजपा ने बुधवार रात पलक्कड़ में एक कांग्रेस विधायक के कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला और दावा किया कि अभिनेत्री ने जिस नेता का पर्दाफाश किया है, वह वही हैं। विधायक के कार्यालय पहुंचने से पहले ही पुलिस ने मार्च को रोक दिया। भाजपा ने विधायक के इस्तीफे और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार के आरोप में उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। वहीं पलक्कड़ जिला कांग्रेस नेतृत्व ने कहा कि उन्हें आरोपों का सामना कर रहे विधायक के खिलाफ कोई शिकायत नहीं मिली है।