अभिनेता व राजनेता थलापति विजय ने करूर में उनकी रैली में हुई भगदड़ के पीड़ितों को मदद का भरोसा दिया है। एक्टर ने व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए पीड़ितों से बात की और उन्हें हरसंभव मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया है।
विजय ने दिया मदद का आश्वासन
इससे पहले विजय को पीड़ित परिवारों से न मिलने के कारण आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। अब तमिलगा वेत्री कज़गम पार्टी के प्रमुख विजय ने एक पीड़ित परिवार से वीडियो कॉल के जरिए बात की है। पीड़ित परिवार की ओर से खुद इस बारे में बताया गया। परिवार ने बताया कि विजय ने मेरे दामाद को फोन किया और घटना के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने इस घटना पर खेद व्यक्त किया और कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए था। साथ ही विजय ने परिवार को अपनी मदद का आश्वासन भी दिया।
करूर जाने पर अभी नहीं है कुछ कंफर्म
एक अन्य पीड़ित परिवार ने भी विजय के कॉल के बारे में जानकारी दी। परिवार ने बताया कि अभिनेता-नेता ने बात करते हुए महिला को सांत्वना देते हुए कहा कि मैं आपके बेटे जैसा हूं। हालांकि, टीवीके के सूत्रों का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विजय करूर जाएंगे या नहीं। लेकिन उन्होंने पार्टी सदस्यों से प्रभावित परिवारों से संपर्क करने को कहा है।