क्या है फिल्म की कहानी?
इस फिल्म में ड्वेन जॉनसन ने मार्क केर का किरदार निभाया है। फिल्म में 90 के दशक में UFC में उनके शानदार सफर को दिखाया गया है। यह वही दौर था, जब उन्हें पेनकिलर्स (दर्द कम करने वाली दवाइयों) की लत लग गई थी। इस फिल्म में एमिली ब्लंट भी थीं। हालांकि ऑस्कर में जॉनसन और ब्लंट दोनों को ही नजरअंदाज कर दिया गया, लेकिन अवॉर्ड्स के मामले में उनकी फिल्म का प्रदर्शन अच्छा रहा। इसे 'मोशन पिक्चर - ड्रामा' कैटेगरी में बेस्ट एक्टर और बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस के लिए गोल्डन ग्लोब नॉमिनेशन मिले।
कैसा रहा बॉक्स ऑफिस?
वैरायटी' के अनुसार, इस फिल्म ने वेनिस फिल्म फेस्टिवल में 'बेस्ट डायरेक्टर' का अवॉर्ड तो जीता, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसे संघर्ष करना पड़ा। 50 मिलियन डॉलर के बजट के बावजूद घरेलू स्तर पर इसने सिर्फ 10 मिलियन डॉलर की कमाई की। 'द स्मैशिंग मशीन' को इंडस्ट्री के साथियों और क्रिस्टोफर नोलन जैसे दिग्गजों से भी काफी तारीफ मिली।
क्रिस्टोफर नोलन ने क्या कहा?
नोलन ने 'द डायरेक्टर्स कट' पॉडकास्ट पर फिल्म के डायरेक्टर बेनी सफ्डी से बात करते हुए, MMA फाइटर मार्क केर के रोल में जॉनसन की एक्टिंग को दिल को छू लेने वाला और शानदार बताया। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि यह एक शानदार परफॉर्मेंस है। मुझे नहीं लगता कि आपको इस साल इससे बेहतर परफॉर्मेंस देखने को मिलेगी'। वर्क फ्रंट की बात करें तो जॉनसन आने वाली फिल्म 'लिजर्ड म्यूजिक' के लिए डायरेक्टर बेनी सफ्डी के साथ फिर से काम करने वाले हैं।