बीते दिनों साउथ अभिनेता दर्शन थुगुदीपा की जमानत सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दी थी, जिसके बाद से वो जेल में हैं। आपको बताते चलें कि अभिनेता रेणुकास्वामी मर्डर मामले में फंसे हुए हैं। अब दर्शन की पत्नी विजयलक्ष्मी ने कहा कि जब तक अभिनेता वापस नहीं आ जाते, तब तक वह खुद उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैंडल करेंगी। इस फैसले ने एक्टर के फैंस को खुश कर दिया है।
क्या बोलीं दर्शन की पत्नी?
कन्नड़ अभिनेता दर्शन की पत्नी विजयलक्ष्मी ने एक्टर के एक्स अकाउंट से एक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘आप सभी अपने प्यारे स्टार के दिलों में बसे हुए हैं। जब तक वह आपसे सीधे जुड़ने के लिए वापस नहीं आते, तब तक मैं उनकी ओर से उनका सोशल मीडिया संभालूंगी और सारे अपडेट दूंगी।'
जल्द ही वापस आएंगे अभिनेता
आगे ट्वीट में दर्शन की पत्नी ने लिखा, ‘आप सभी जो प्यार, प्रार्थनाएं और धैर्य दिखाते हैं, वह उन्हें और हमारे परिवार को शक्ति देता है। आइए इस एकता और सकारात्मकता को बनाए रखें, वह जल्द ही उसी प्यार और ऊर्जा के साथ वापस आएंगे, जो आप हमेशा से जानते रहे हैं।’
यह खबर भी पढ़ें:
Firing Case: एल्विश यादव ही नहीं, सलमान से लेकर एपी ढिल्लों तक; इन सेलेब्स के घर पर भी हो चुकी है फायरिंग
सुप्रीम कोर्ट ने जमानत रद्द की
बता दें कि मर्डर केस में दर्शन को कर्नाटक हाईकोर्ट ने जमानत दी थी। न्यायमूर्ति जे बी पारदीवाला और न्यायमूर्ति आर महादेवन की पीठ ने कर्नाटक उच्च न्यायालय के आदेश को यह कहते हुए रद्द कर दिया कि इसमें कई खामियां हैं। पीठ ने कहा, 'हमने हर बात पर विचार किया। जमानत देने और रद्द करने पर भी। यह स्पष्ट है कि उच्च न्यायालय के आदेश में गंभीर खामियां हैं, बल्कि यह एक यांत्रिक प्रक्रिया को दर्शाता है और इसके अलावा, उच्च न्यायालय ने प्री-ट्रायल में ही इसकी जांच की'।