बॉलीवुड अभिनेता अविनाश तिवारी अपने दमदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं। उनके हालिया कुछ प्रोजेक्ट्स में दर्शकों ने उन्हें काफी पसंद किया है। हालांकि अब वो चर्चाओं में आ गए हैं अपनी किसी फिल्म की परफॉर्मेंस से ही नहीं, बल्कि एक सोशल मीडिया विवाद को लेकर, जिसमें उन्होंने पाकिस्तानी डिजाइनर की क्लास लगाई है।
पाकिस्तानी डिजाइनर ने किया बॉडी शेम
दरअसल ये मामला एक इंस्टाग्राम पोस्ट का है, जिसमें पाकिस्तान के कॉस्ट्यूम डिजाइनर राव अली खान ने अभिनेता अविनाश तिवारी की शारीरिक बनावट पर टिप्पणी की थी। उन्होंने सवाल उठाया कि अविनाश का पेट ‘बंबई मेरी जान’ और ‘खाकी’ जैसी वेब सीरीज में उभरा हुआ क्यों दिखाई दिया। बस यही बात सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और अविनाश तक पहुंच गई।
अविनाश ने दिया करारा जवाब
इस बात पर अविनाश ने जो प्रतिक्रिया दी, उसे देखकर अब फैंस उनकी काफी तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने डिजाइनर की बात का जवाब देते हुए लिखा कि 'अगर आप थोड़ी रिसर्च करते, तो समझ पाते कि ये लुक उनके किरदार की मांग थी। साथ ही उन्होंने सलाह दी कि सिर्फ दिखावे को नहीं, बल्कि सिनेमा की गहराई को समझने की कोशिश करें।' अविनाश का ये जवाब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो गया। उन्होंने आलोचना का सामना न तो गुस्से से किया, न ही चुप्पी से, बल्कि एक कलाकार की तरह बड़े ही शालीन, समझदार ढंग से अपनी बात रखी।
सोशल मीडिया पर मिल रही सराहना
अविनाश के इस जवाब के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की ओर से प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई लोगों ने उनकी बात का समर्थन करते हुए कहा कि एक अभिनेता का शरीर नहीं, उसका अभिनय मायने रखता है। एक यूजर ने लिखा, 'आप जैसे हैं वैसे ही परफेक्ट हैं', जबकि दूसरे ने कहा, 'ये किरदार की मांग थी, फिजीक नहीं।' कई यूजर्स ने राव अली खान को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि एक कलाकार को उसके हुनर से परखा जाना चाहिए, न कि उसके शरीर की बनावट से।
अविनाश का एक्टिंग करियर
अविनाश तिवारी ने अब तक अपने अभिनय करियर में कई प्रभावशाली किरदार निभाए हैं। ‘लैला मजनू’ से फिल्मी सफर शुरू करने वाले अविनाश ने उसके बाद ‘खाकी: द बिहार चैप्टर’ में चंदन महतो जैसे खतरनाक अपराधी का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इसके बाद वेब सीरीज ‘बंबई मेरी जान’ में डारा का किरदार निभाकर उन्होंने यह साबित कर दिया कि वो हर किरदार में खुद को झोंक देने वाले अभिनेता हैं।
अविनास की अगली फिल्म
अब अविनाश अपनी अगली फिल्म ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ के साथ थिएटर्स में वापसी कर रहे हैं, जो एक हल्का-फुल्का, कमर्शियल रोमांटिक प्रोजेक्ट है। ये फिल्म ‘लैला मजनू’ के बाद उनकी अगली बड़ी थिएटर रिलीज होगी।