फिल्म 'पुष्पा 2 द रूल' से जुड़े संध्या थिएटर भगदड़ मामले में सुनवाई के दौरान अभिनेता अल्लू अर्जुन नामपल्ली कोर्ट के सामने मुंबई से वर्चुअली पेश हुए। हालांकि, बाकी कई आरोपी अदालत में उपस्थित नहीं हो सके। इसके चलते कोर्ट ने सुनवाई को 29 जुलाई तक टाल दिया। बता दें कि भगदड़ का यह मामला फिल्म 'पुष्पा 2' के प्रीमियर शो के दौरान हुई भगदड़ से जुड़ा है।
क्यों टली मामले में सुनवाई?
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, एक्टर अल्लू अर्जुन सोमवार को संध्या थिएटर भगदड़ मामले में नामपल्ली कोर्ट के सामने वर्चुअली पेश हुए। उनकी लीगल टीम ने यह जानकारी दी। एक्टर की लीगल टीम के मुताबिक, इस मामले में बाकी दो आरोपी मौजूद नहीं थे और वे गैर-हाजिरी की अर्जी दाखिल करेंगे। मामले की सुनवाई 29 जुलाई तक के लिए टाल दी गई है। यह भगदड़ 4 दिसंबर, 2024 को हैदराबाद के संध्या थिएटर में 'पुष्पा 2' के एक स्पेशल शो के दौरान मची थी।
मामले में 23 लोग आरोपी, 19 को भेजा समन
इस मामले में आरोपी बनाए गए लोगों में एक्टर अल्लू अर्जुन भी शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में एक्टर को 11वां आरोपी बनाया है। नामपल्ली कोर्ट ने 19 आरोपियों को समन जारी किया है और पुलिस इस घटना के सिलसिले में 23 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि उनके बेटे को गंभीर चोटें आईं। महिला की पहचान रेवती के रूप में हुई थी।
बेकाबू हो गई थी स्थिति
यह भगदड़ तब मची थी, जब फिल्म के प्रीमियर के दौरान एक्टर की एक झलक पाने के लिए थिएटर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। जब अल्लू अर्जुन ने अपनी कार की सनरूफ से फैंस का अभिवादन किया, तो स्थिति बेकाबू हो गई। इस अफरातफरी के दौरान दुखद रूप से रेवती की मौत हो गई और उनके बेटे तेजा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। तेजा को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पीड़ित परिवार की मदद के लिए अर्जुन ने आर्थिक सहायता भी दी। उनके पिता, फिल्म प्रोड्यूसर अल्लू अरविंद ने इस घटना में जान गंवाने वाली रेवती के परिवार की मदद के लिए 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी।