मुंबई में 18 अक्तूबर को बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमले के मामले की जांच कर रही है। इस मामले में हर दिन नए अपडेट आ रहे हैं। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान पुलिस से एक नया खुलासा किया है। आइए जानते हैं इस केस में नया अपडेट क्या है।
आरोपियों ने पुलिस को क्या बताया?
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि उन्होंने बॉलीवुड के कई अभिनेताओं के घरों की रेकी (निगरानी) की थी। पूछताछ के दौरान उन्होंने पुलिस को बताया कि वे अक्सर ऑटो-रिक्शा चालकों को लगभग एक हजार रुपये देकर मशहूर हस्तियों के घरों के चक्कर लगाते थे। कई बार वे गूगल पर सर्च करके भी सेलिब्रिटीज के पते निकाल कर उनके घरों की रेकी करते थे।
जांचकर्ता आरोपियों की गतिविधियों, जुटाई गई जानकारी और संभावित लक्ष्यों की जांच कर रहे हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 (संगठित अपराध से संबंधित) भी जोड़ दी है।
सलमान के घर पर थी फायरिंग करने की साजिश
पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने से पहले अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने की साजिश रच रहे थे, मगर भारी सुरक्षा के कारण वे अपनी इस साजिश को अंजाम नहीं दे सके।
टाइगर फायरिंग केस: 12वीं पास ने की रेकी और आठवीं पास ने पहुंचाई पिस्तौल; 10 आरोपी गिरफ्तार, किसकी क्या भूमिका?
टाइगर श्रॉफ
- फोटो : सोशल मीडिया
मुंबई पुलिस स्टेशन लाई गईं राधा-बबीता
इससे पहले टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना के मामले में मुंबई पुलिस और दिल्ली पुलिस ने 4 आरोपियों- कुणाल (21), सुमित (19), राधा (23) और बबीता (23) को गिरफ्तार किया था। पुलिस इन आरोपियों को मुंबई के एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ले आई है। बुधवार देर को राधा और बबीता को मुंबई के आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में लाया गया है। इस मामले में अंकित उर्फ राजेश खटक (18), समीर (20) और जतिन को भी गिरफ्तार किया गया है।
टाइगर श्रॉफ से मिलने पहुंचे मंत्री आशीष शेलार
- फोटो : सोशल मीडिया
क्राइम ब्रांच डीसीपी, राज तिलक रोशन ने मीडिया से बातचीत में मामले की अहम जानकारी दी...
क्राइम ब्रांच डीसीपी, राज तिलक रोशन के मुताबिक 'गोलीबारी की घटना में तीन आरोपी शामिल थे, जो मोटरसाइकिल पर सवार थे। 15 घंटे के भीतर तीनों को पकड़ लिया और कोटा से वापस ले आए। आगे की जांच में कुछ और आरोपियों की पहचान हुई, जिनमें से पांच को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।'
उन्होंने आगे बताया 'दो पुरुष आरोपियों का काम पंजाब के अमृतसर जाकर हथियार लेना और उन्हें ट्रेन से मुंबई लाना था। हथियारों को लाने के लिए दो महिलाओं का इस्तेमाल कूरियर के तौर पर किया गया था। इन महिलाओं ने हथियार शूटर्स को सौंप दिए, जिन्होंने 18 अक्तूबर की गोलीबारी की घटना में इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल किया।'
रोशन ने बताया, 'हमने सोनीपत से जतिन को भी गिरफ्तार किया है। इसके साथ दो लोग और जुड़े हुए थे। इनका काम लॉजिस्टिक सपोर्ट देना था। जतिन मुंबई में उन तीन आरोपियों के साथ रुका था जिन्हें पहले गिरफ्तार किया गया था और उसने उनकी मदद की थी। हमारी टीम अब इन पांचों आरोपियों- तीन पुरुषों और दो महिलाओं को मुंबई लाने के लिए निकल चुकी है। उनके यहां पहुंचने पर, हम उन्हें माननीय अदालत के सामने पेश करेंगे और आगे की जांच के लिए पुलिस कस्टडी की मांग करेंगे।'
क्या है टाइगर श्रॉफ का केस?
- बता दें कि अभिनेता पर 18 अक्तूबर को जुहू इलाके में गोलीबारी हुई थी।
- उस समय बाइक पर सवार तीन हमलावरों ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं।
- इस घटना में टाइगर श्रॉफ को चोट नहीं आई, लेकिन गोली लगने से उनका ड्राइवर जख्मी हो गया था।
- इसके अलावा वहां से गुजर रहा एक राहगीर घायल हो गया था।