'कॉकरोच जनता पार्टी' इस साल नीट पेपर लीक मामले पर प्रदर्शन करने को लेकर चर्चा में रही है। जून में जब यह पार्टी दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रही थी, तब अभिनेता-सिंगर दिलजीत से इस मामले पर उनका रुख पूछा गया था। उस वक्त दिलजीत ने कहा था, 'मुझसे दूर ही रखो, मैं एक आर्टिस्ट हूं, राजनेता नहीं।' सीजेपी के संस्थापक दिपके को दिलजीत की यह बात अच्छी नहीं लगी थी। अब दिल्ली में दिलजीत का कॉन्सर्ट हुआ है। इसमें उन्होंने ‘मैं आर्टिस्ट हूं’ वाले बयान पर अपनी राय रखी है।
दिपके ने दिलजीत के नाम लिखी पोस्ट
दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में 'ऑरा इंडिया टूर' के तहत हुए कॉन्सर्ट में दिलजीत ने कहा 'पंजाबियों को न सिखाओ कैसे लड़ाइयां लड़ी जाती हैं।' सिंगर का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल है। इस बीच अभिजीत दिपके ने दिलजीत के नाम सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखी है।
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके (फाइल)
- फोटो : पीटीआई-अमर उजाला ग्राफिक्स
दिपके की पोस्ट में क्या है?
अभिजीत दिपके ने लिखा, 'दिलजीत पाजी के लिए। पाजी, जून में जब हम प्रदर्शन कर रहे थे, आपके कमेंट से मुझे दुख पहुंचा था। इसलिए नहीं क्योंकि आपकी पर्सनैलिटी के खिलाफ मेरे मन में कुछ था, बल्कि इसलिए दुख हुआ था क्योंकि मैंने आपको हमेशा सही चीजों के लिए बोलते देखा है। मैं हमेशा से आपका फैन रहा हूं। मैं अब भी आपके गाने सुनता हूं। यहां तक भारत आने से पहले मई में मैंने शिकागो में आपके एक कॉन्सर्ट में हिस्सा लिया था। सिर्फ आपके म्यूजिक के लिए नहीं बल्कि इसलिए क्योंकि आप जिस तरह के इंसान हैं, मैं उसका बहुत सम्मान करता हूं।'
दिपके ने पीछे खींचे कदम
अभिजीत ने आगे लिखा, 'आपने जिस तरह अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए भारत को ग्लोबल स्टेज तक पहुंचाया, आपकी हिम्मत और सच्चाई का मैं हमेशा से ही प्रशंसक रहा हूं। इसलिए मुझे लगता है कि आपका कमेंट मुझे ज्यादा बुरा लगा क्योंकि मैंने हमेशा ही आपका बहुत सम्मान किया है। एक मतभेद या गलतफहमी आपके प्रति मेरे सम्मान या प्यार को कम नहीं कर सकती। पाजी छोटा भाई समझ के बीती बातों पर मिट्टी डालो।
दिलजीत दोसांझ
- फोटो : इंस्टाग्राम@diljitdosanjh
यूजर्स ने की दिपके की तारीफ
अभिजीत की इस पोस्ट पर यूजर्स ने प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा, 'आप सही और विनम्र तरीके से पहुंचे' एक दूसरे यूजर ने लिखा, 'अभिजीत बहुत अच्छा बंदा है।' एक तीसरे यूजर ने लिखा, 'मैच्योरिटी ऐसी ही होती है।' दिपके की इस पोस्ट पर कई यूजर्स ने तारीफ की है। उनका कहना है कि दिपके ने समझदारी से काम लिया है।
क्या दिपके ने किया दिलजीत का सपोर्ट?
- इससे पहले खबरें आई थीं कि दिलजीत के कॉन्सर्ट को पुलिस की तरफ से अनुमति को टाल दिया गया था।
- इस मामले पर अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर लिखा था 'कॉन्सर्ट से भी डर लगता है?'
- हालांकि बाद में दिलजीत के कॉन्सर्ट को पुलिस से अनुमति मिल गई।