बॉबी देओल की चर्चित वेब सीरीज 'आश्रम' के अगले सीजन का इंतजार कर रहे फैंस के लिए अच्छी खबर है। सीरीज के चौथे सीजन की शूटिंग आधिकारिक तौर पर पूरी हो गई है। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी है। इस खबर के सामने आने के बाद से ही दर्शकों के बीच सीरीज को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
आश्रम 4
- फोटो : इंस्टाग्राम
'आश्रम 4' की शूटिंग हुई पूरी
प्रकाश झा प्रोडक्शंस और अभिनेता बॉबी देओल ने इंस्टाग्राम पर एक साझा पोस्ट के जरिए 'एक बदनाम... आश्रम' सीजन 4 की शूटिंग पूरी होने का एलान किया। मेकर्स ने इस मौके पर सेट की एक बिहाइंड द सीन तस्वीर भी शेयर की, जिसमें निर्देशक प्रकाश झा, बॉबी देओल और सीरीज की टीम के अन्य सदस्य नजर आ रहे हैं। तस्वीर पर 'इट्स अ रैप!' लिखा हुआ है।
पोस्ट के साथ मेकर्स ने लिखा, 'और इसी के साथ 'आश्रम' सीजन 4 की शूटिंग पूरी हुई। यह सफर जुनून, टीमवर्क और कई यादगार पलों से भरा रहा। हर फ्रेम के पीछे मेहनत करने वाली शानदार टीम के नाम।' इस पोस्ट में स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म एमएक्स प्लेयर बाय प्राइम वीडियो के साथ शो के कई कलाकारों और क्रू मेंबर्स को भी टैग किया गया है।
बॉबी देओल
- फोटो : इंस्टाग्राम
बाबा निराला के किरदार में दिखेंगे बॉबी देओल
प्रकाश झा के निर्देशन में बनी 'आश्रम' में बॉबी देओल बाबा निराला के किरदार में नजर आते हैं। सीरीज में वह एक ऐसे स्वयंभू बाबा की भूमिका निभा रहे हैं, जो धर्म और आस्था के नाम पर लोगों का भरोसा जीतकर अपना बड़ा साम्राज्य खड़ा करता है। हालांकि, उसके इस साम्राज्य के पीछे राजनीति, अपराध और अंधविश्वास का गहरा खेल छिपा है। सीरीज की कहानी बाबा निराला के काले कारनामों और उसके प्रभाव के इर्द-गिर्द घूमती है।
कई कलाकारों की होगी वापसी
सीरीज के चौथे सीजन में चंदन रॉय सान्याल, अदिति पोहनकर, त्रिधा चौधरी, परिणीता सेठ, सचिन श्रॉफ, नीतू चंद्रा श्रीवास्तव, अक्षय ओबेरॉय, चैतन्य चौधरी, पंखुड़ी गिडवानी समेत कई कलाकार नजर आएंगे। शूटिंग पूरी होने के बाद अब दर्शकों को इसके रिलीज होने का इंतजार है। फिलहाल मेकर्स ने 'एक बदनाम... आश्रम' सीजन 4 की रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है। सीरीज एमएक्स प्लेयर बाय प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।