नहटौर विधानसभा सीट का चुनावी इतिहास
नहटौर विधानसभा सीट 2008 में अस्तित्व में आई। नहटौर विधानसभा सीट पर पहला चुनाव 2012 में हुआ। इन चुनावों में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने जीत हासिल की थी। चुनावों में बसपा की तरफ से मैदान में उतरे ओम कुमार ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राजकुमार को हराकर जीत हासिल की। इन चुनावों में बसपा के ओम कुमार को सबसे ज्यादा 51,389 वोट मिले, जबकि सपा के राजकुमार 31,991 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे। वहीं तीसरे और चौथे नंबर पर राष्ट्रीय लोक दल के मुंशी राम और भाजपा के सुभाष चंद्र बाल्मीकि रहे, जिन्हें क्रमशः 27,397 और 20,872 वोट मिले।
2012 के बाद उत्तर प्रदेश में 2017 में चुनाव हुए। इन चुनावों में राज्य में भाजपा का बोलबाला रहा था, क्योंकि राज्य के चुनावी नतीजों में भाजपा ने पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई। इसका असर बिजनौर की नहटौर विधानसभा सीट पर भी पड़ा था। इन चुनावों में नहटौर विधानसभा सीट से भाजपा की तरफ से चुनाव लड़ते हुए ओम कुमार ने कुल 76,644 वोट हासिल करते हुए जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस के मुन्नालाल प्रेमी को हराया, जिन्हें कुल 53,493 वोट मिले। चुनावों में बसपा के विवेक सिंह तीसरे नंबर पर रहे, जिन्हें कुल 47,059 वोट मिले।