चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की बारासात और मथुरापुर लोकसभा सीट में एक-एक मतदान केंद्र पर दोबारा मतदान का आदेश दिया है। इन केंद्र पर सातवें व अंतिम चरण में एक जून को मतदान हुआ था। अब 3 जून को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा।
आयोग ने बताया कि दोबारा मतदान का कराए जाने का फैसला चुनाव अधिकारियों, जिला निर्वाचन अधिकारियों और संबंधित पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया। उन्होंने बताया कि बारासात निर्वाचन क्षेत्र का बूथ देगंगा विधानसभा क्षेत्र के कदमबागछी सरदार पारा एफपी स्कूल में स्थित है। जबकि मथुरापुर का बूथ काकद्वीप विधानसभा क्षेत्र में स्थित है।
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखे पत्र में कहा, निर्वाचन अधिकारी के लिए पुस्तिका-2023 के अध्याय 13 के पैराग्राफ 13.62 में आयोग के निर्देशों के मुताबिक इन मतदान केंद्रों पर नए सिरे से मतदान करने के लिए घंटे तय किए गए हैं।
इस बीच, भाजपा ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर डायमंड हार्बर लोकसभा सीट के कई मतदान केंद्रों पर फिर से मतदान कराए जाने की मांग की है। इन सभी सीट पर एक जून को मतदान संपन्न हुआ था।
लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में एक जून को राज्य के विभिन्न हिस्सों में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों के बीच झड़पें हुईं। बीते शनिवार को बशीरहाट के बयारबाड़ी में टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच कथित तौर पर झड़प हुई। इसी तरह, दक्षिण 24 परगना जिले के मेरागंज में भी टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। जिसमें कई लोग घायल हुए।
इस बीच, पश्चिम बंगाल पुलिस बशीरहाट के संदेशखली में शनिवार की हिंसा के एक कथित आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची तो स्थानीय महिलाओं ने उनका विरोध किया। रविवार को हाथापाई शुरू हो गई। पुलिस कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ता साधन नंदी को गिरफ्तार करने आई थी।