अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस आज बाबा साहेब का नाम लेकर वोट मांगने के लिए घर घर घूम रही है, लेकिन 1954 के उपचुनाव में बाबा साहेब के खिलाफ मोर्चा लगाने का काम इसी कांग्रेस ने किया था। यही कांग्रेस थी जिसने 5 दशक तक शासन करने के बाद भी बाबा साहब को भारत रत्न नहीं दिया।
लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण के मतदान में अब महज चार दिन ही बाकी हैं। ऐसे में राजनैतिक दल पहले चरण की सीटों के लिए अपना पूरा जोर लगा रहे हैं। इसी क्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज यानी रविवार को महाराष्ट्र के भंडारा में चुनावी रैली की। इस दौरान वे विपक्ष खास तौर पर कांग्रेस पर हमलावर दिखे। यहां शाह ने राहुल गांधी के गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम के दावे पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी दादी और दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी गरीबी हटाने का वादा किया था, लेकिन जमीन पर कुछ भी नहीं बदला। गौरतलब है कि भाजपा ने भंडारा-गोंदिया लोकसभा क्षेत्र से मौजूदा सांसद सुनील मेंढे को मैदान में उतारा है।
विज्ञापन
'दादी ने भी वादा किया था, लेकिन कुछ नहीं हुआ'
आगे बोलते हुए शाह ने राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी कहते हैं कि उनकी पार्टी गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम चलाएगी। वह पढ़ते नहीं हैं, लेकिन मैं उन्हें बताना चाहूंगा कि उनकी दादी और प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी यही वादा किया था। इंदिरा गांधी, उनके बेटे राजीव गांधी और बाद में सोनिया गांधी सभी सत्ता में आए और चले गए, लेकिन कुछ नहीं हुआ। हम राहुल गांधी के वादे पर कैसे भरोसा कर सकते हैं?
'न खत्म किया है और किसी को आरक्षण खत्म करने देंगे'
महाराष्ट्र के भंडारा जिले के साकोली शहर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने आरक्षण पर भी बात की। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस झूठ फैला रही है कि अगर भाजपा को 400 सीटें मिली, तो ये आरक्षण समाप्त कर देंगे। राहुल बाबा हमारे पास 2 टर्म से पूर्ण बहुमत है, हमने अपने बहुमत का उपयोग कभी भी आरक्षण को हटाने के लिए नहीं, बल्कि धारा 370 को हटाने और ट्रिपल तलाक को समाप्त करने के लिए जरूर किया है। जब तक भाजपा राजनीति में है, तब तक न हम आरक्षण हटाएंगे और न हटाने देंगे। ये हमारे नेता नरेन्द्र मोदी जी की गारंटी है।
विज्ञापन
बाबा साहेब का नाम लेकर कांग्रेस पर कसा करारा तंज
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज बाबा साहेब का नाम लेकर वोट मांगने के लिए घर घर घूम रही है।लेकिन 1954 के उपचुनाव में बाबा साहेब के खिलाफ मोर्चा लगाने का काम इसी कांग्रेस ने किया था। यही कांग्रेस थी जिसने 5 दशक तक शासन करने के बाद भी बाबा साहब को भारत रत्न नहीं दिया। भाजपा ने बाबा साहेब से जुड़े हुए पांचों तीर्थ स्थानों को विकसित करके, बाबा साहेब को युगों-युगों तक अमर करने का काम किया।
राहुल गांधी पर लगाया अफवाह फैलाने का आरोप
अपने संबोधन के दौरान शाह ने राहुल पर यह अफवाह फैलाने का भी आरोप लगाया कि अगर भाजपा भारी बहुमत से जीतती है तो संविधान को खतरा हो सकता है। शाह ने लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के घोषणापत्र में किए गए वादों को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र की भाजपा सरकार तीसरी बार सत्ता में आई तो वह छत्तीसगढ़ से नक्सली खतरे को हमेशा के लिए खत्म कर देगी।