मुंबई में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विपक्षी नेता
- फोटो : पीटीआई
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और विपक्षी गठबंधन INDIA के अन्य नेताओं ने शनिवार को पीएम मोदी के उस बयान पर तीखा हमला बोला, जिसमें पीएम मोदी ने दावा किया था कि विपक्ष की अगर सरकार बनी तो वे राम मंदिर पर बुलडोजर चलवा देंगे। पीएम मोदी के बयान पर खरगे ने कहा कि 'हमने कभी किसी पर बुलडोजर नहीं चलाया और हम ऐसा कभी नहीं करेंगे।' खरगे ने कहा कि हम सभी धर्मों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं और ये सुनिश्चित करेंगे कि देश संविधान से चले।
विपक्षी गठबंधन के नेताओं ने की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस
पांचवें चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार अंतिम दौर में है। ऐसे में विपक्षी गठबंधन के नेताओं उद्धव ठाकरे, एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार, , कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मुंबई में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में विपक्षी नेताओं ने पीएम मोदी के राम मंदिर, अनुच्छेद 370 को फिर से लागू करने और एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण कम करने जैसे आरोपों पर जवाब दिया। खरगे ने साफ किया कि 'कांग्रेस ऐसा कभी नहीं करेगी'। पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए खरगे ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी हमेशा लोगों को भड़काते हैं।
खरगे ने अनुच्छेद 370 को लेकर कही ये बात
खरगे ने कहा 'आरक्षण संविधान ने दिया है और ये लागू रहेगा।' कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा 'हमने कभी किसी के खिलाफ बुलडोजर का इस्तेमाल नहीं किया है। बुलडोजर की उनकी सरकार है। यह भड़काऊ बयान के लिए चुनाव आयोग को कार्रवाई करनी चाहिए। हमारी सरका संविधान के अनुसार काम करेगी और सभी की रक्षा करेगी। पीएम मोदी की आदत है झूठ बोलने की और उन चीजों को लेकर लोगों को भड़काने की, जो कांग्रेस कभी नहीं करेगी।' अनुच्छेद 370 फिर से लागू करने के सवाल पर खरगे ने कहा कि 'वे पीएम मोदी के प्रति जवाबदेह नहीं हैं, जो भी उनकी पार्टी के घोषणापत्र में है, वो सभी बातें लागू की जाएंगी।' शिवसेना (यूबीटी) के नेता उद्धव ठाकरे ने कहा कि विपक्षी गठबंधन की सरकार बनने पर अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण पूरा कराया जाएगा। वहीं शरद पवार ने कहा विपक्षी सरकार की जिम्मेदारी होगी कि वह न सिर्फ मंदिरों की रक्षा करे बल्कि सभी धार्मिक स्थलों की रक्षा करे।
गठबंधन में पीएम पद के कई चेहरे
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उद्धव ठाकरे ने कहा कि विपक्षी गठबंधन में पीएम पद के कई चेहरे हैं, लेकिन भाजपा में सिर्फ एक हैं और वो भी काम नहीं कर रहे हैं। ठाकरे ने कहा कि 'अब चुनाव का आखिरी चरण चल रहा है और हमने तय कर लिया है कि सरकार बनने पर क्या करना है। भाजपा द्वारा नकली शिवसेना कहे जाने पर ठाकरे ने कहा कि भाजपा आरएसएस को भी 'नकली संघ' कहेगी।' ठाकरे ने आरोप लगाया कि 'भाजपा उस संगठन से खुद को अलग करने की कोशिश कर रही है, जिसने उसे जन्म दिया।' ठाकरे ने कहा 'मैंने अपने 53 साल के राजनीतिक करियर में कभी ऐसा पीएम नहीं देखा, जो लोगों को भड़काता हो, डराता, धमकाता हो और तिकड़म भिड़ाकर विपक्षी पार्टियों को तोड़ने की कोशिश करता हो, लेकिन लोग उन्हें हराएंगे।'