कांग्रेस ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान में निराशा का सामना करने के बाद प्रधानमंत्री अब झूठ का सहारा ले रहे हैं। वे लोगों को असली मुद्दों से भटका रहे हैं। दरअसल, राजस्थान के बांसवाड़ा में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोगों की मेहनत की कमाई और कीमती सामान घुसपैठियों और जिनके पास अधिक बच्चे हैं को देने की योजना बना रही है। उन्होंने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की उस टिप्पणी का हवाला दिया कि देश के संसाधनों पर अल्पसंख्यक समुदाय का पहला दावा है।
राहुल गांधी ने साधा निशाना
पीएम के बयान पर हमला बोलते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि पहले चरण के मतदान से निराशा पीएम मोदी के झूठ का स्तर इतना गिर गया है कि वह अब लोगों को मुद्दों से भटकाना चाहते हैं। एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ‘क्रांतिकारी मेनिफेस्टो’ को मिल रहे अपार समर्थन के रुझान आने शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि देश अब अपने मुद्दों पर वोट करेगा, अपने रोजगार, अपने परिवार और अपने भविष्य के लिए वोट करेगा। भारत भटकेगा नहीं।
खरगे ने भी कसा तंज
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसा है। खरगे ने एक्स पोस्ट में लिखा,'आज मोदी जी के बौखलाहट भरे भाषण से दिखा कि प्रथम चरण के नतीजों में INDIA जीत रहा है। मोदी जी ने जो कहा वो हेट स्पीच तो है ही, ध्यान भटकाने की एक सोची समझी चाल है। प्रधानमंत्री ने आज वही किया जो उन्हें संघ के संस्कारों में मिला है। सत्ता के लिए झूठ बोलना, बातों का अनर्गल संदर्भ बनाकर विरोधियों पर झूठे आरोप मढ़ना यह संघ और भाजपा की प्रशिक्षण की खासियत है। देश की 140 करोड़ जनता अब इस झूठ के झांसे में नहीं आने वाली।
हमारा घोषणापत्र हर एक भारतीय के लिए है।सबकी बराबरी की बात करता है। सबके लिए न्याय की बात करता है। कांग्रेस का न्याय पत्र सच की बुनियाद पर टिका है, पर लगता है Goebbels रूपी तानाशाह की कुर्सी अब डगमगा रही है। भारत के इतिहास में किसी भी प्रधानमंत्री ने अपने पद की गरिमा को इतना नहीं गिराया, जितना मोदी जी ने गिराया है।'
जयराम रमेश ने भी कसा तंज
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी पीएम मोदी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं, किसानों, दलितों और पिछड़ों से जुड़े मुद्दों के सवालों का उत्तर देने के बजाय प्रधानमंत्री ने असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए राजस्थान में अपनी रैलियों में झूठ बोला और अपमानजनक बयान दिए हैं। पहला चरण भाजपा लिए बहुत बुरा रहा लेकिन शायद स्थिति हमारे अनुमान से कहीं ज़्यादा खराब रहा। ऐसा लग रहा है कि हताशा और निराशा के कारण पीएम ऐसे बोल रहे हैं।
पवन खेड़ा भी बरसे
वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने पीएम पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हम पीएम मोदी को चुनौती देते हैं कि वे बताएं कि क्या हमारे घोषणा पत्र में कहीं भी हिंदू-मुस्लिम लिखा है। हमने युवाओं, महिलाओं, किसानों, आदिवासियों, मध्यम वर्ग और श्रमिकों के लिए न्याय की बात की। क्या आपको इस पर भी कोई आपत्ति है।