फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lok Sabha Polls: शाह बोले- कश्मीर में अब पत्थर फेंकने की हिम्मत किसी की नहीं, नक्सलवाद भी उखाड़ फेंकेंगे

Sun, 28 Apr 2024 06:37 AM IST
शिव शरण शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पोरबंदर/भरूच

सार

शाह ने यह भी कहा, मोदी सरकार ने ही अयोध्या में भगवान राम के मंदिर का निर्माण संभव बनाया। कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के कारण 70 वर्षों तक इस मुद्दे को लटकाए रखा। दूसरे कार्यकाल के पांच वर्षों में हमने चुनाव जीता, नींव रखी और 22 जनवरी को अभिषेक किया।
विज्ञापन
अमित शाह  - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार सत्ता में आने पर आतंकवाद और नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ फेंकेंगे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय कोई भी पाकिस्तान से घुसपैठ कर सकता और धमाके कर सकता था, लेकिन अब पिछले पांच साल से कश्मीर में कोई पत्थर फेंकने की भी हिम्मत नहीं करता।

विज्ञापन


शाह ने शनिवार को गुजरात में रैलियों के दौरान कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा और उन्हें अर्बन नक्सल समर्थक करार दिया। भरूच में जहां कांग्रेस और आप ने गठबंधन के तहत अपना प्रत्याशी उतारा है, वह एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि ये दोनों पार्टियां आदिवासी विरोधी हैं। यदि आपने प्रतिनिधि चुनने में कोई गलती की तो कोई अर्बन नक्सली यहां आ जाएगा और इस आदिवासी क्षेत्र को नष्ट कर देगा। कांग्रेस और आप लोगों को लूटने के लिए साथ आए हैं। ये वोट पाने के बाद आप आदिवासियों का शोषण करेंगे।

उन्होंने कहा, चुनाव के पहले दो चरणों के बाद साफ हो गया है िक कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। शाह ने कहा, कांग्रेस और आप अफवाह फैला रहे हैं कि भाजपा 400 लोकसभा सीटें जीतने के बाद संविधान बदल देगी और आरक्षण खत्म कर देगी। मैं यहां आपको यह बताने आया हूं कि यह मोदी की गारंटी है कि वह न तो आदिवासियों, दलितों या ओबीसी के आरक्षण को छुएंगे और न ही किसी को छूने देंगे। इससे पहले, उन्होंने पोरबंदर में भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया के समर्थन में रैली की। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा की सरकार चुनने पर जोर दिया। उन्होंने मोदी सरकार के कामकाज को रेखांकित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उन्होंने पूरी दृढ़ता के साथ कड़े फैसले लिए। 
विज्ञापन


कांग्रेस ने वोट बैंक की खातिर 70 वर्ष तक नहीं बनने दिया राममंदिर
शाह ने यह भी कहा, मोदी सरकार ने ही अयोध्या में भगवान राम के मंदिर का निर्माण संभव बनाया। कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के कारण 70 वर्षों तक इस मुद्दे को लटकाए रखा। दूसरे कार्यकाल के पांच वर्षों में हमने चुनाव जीता, नींव रखी और 22 जनवरी को अभिषेक किया। 500 वर्षों तक हमारे भगवान एक अस्थायी स्थान पर तंबू में थे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनाया, जिस मंदिर को मुगल बादशाह औरंगजेब के समय नष्ट कर दिया गया था।

वो कहते थे, खून की नदियां बह जाएंगी 
विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए शाह ने कहा, जब जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाया गया तो वे इसका विरोध करते थे। कहते थे खून की नदियां बह जाएंगी, लेकिन पिछले पांच साल में खून की नदी तो दूर किसी ने पत्थर फेंकने तक की हिम्मत नहीं दिखाई। 
गृह मंत्री ने कहा, दो चरणों के मतदान चुनाव के बाद अब यह स्पष्ट हो गया है कि राहुल गांधी की राजनीति समाप्त हो गई है।

पाकिस्तान भूल गया था कि मोदी पीएम हैं
गृह मंत्री ने कहा, जब पाकिस्तान ने पुलवामा और उरी में आतंकी हमले किए, तो वह भूल गया था कि अब मोदी प्रधानमंत्री हैं। पीएम मोदी ने 10 दिनों के भीतर पाकिस्तान की सरजमीं पर आतंकियों के सफाये के लिए सर्जिकल और एयर स्ट्राइक की। पीएम मोदी वोट बैंक की परवाह न करते हुए कड़े फैसले लेते हैं। वह तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकेंगे।

यूसीसी आदिवासियों पर लागू नहीं
शाह ने कहा कि विपक्ष यह झूठ फैला रहे हैं कि प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) आदिवासियों के मौलिक अधिकार छीन लेगी। उन्होंने कहा, यूसीसी साफ कहता है कि यह आदिवासियों पर लागू नहीं होगा। उनकी बातों में मत आओ, क्योंकि पीएम मोदी आदिवासियों के मित्र हैं। कांग्रेस ने केंद्र में अपने 10 साल के शासन के दौरान 28,000 करोड़ रुपये आवंटित किए, जबकि मोदी सरकार ने 2014 से आदिवासी विकास के लिए 1.33 लाख करोड़ रुपये दिए हैं।

पीएम मोदी ने देश को समृद्ध बनाया
शाह ने यह भी कहा कि मोदी ने देश को सुरक्षित बनाने के साथ समृद्ध भी किया है। कांग्रेस नीत यूपीए सरकार के 10 वर्षों के शासन के दौरान देश की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी। पीएम मोदी ने सिर्फ 10 साल में इसे पांचवें स्थान पर पहुंचा दिया। साथ ही जोड़ा, उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाइए, मैं गारंटी देता हूं कि भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें