फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lok Sabha Elections: मशहूर वकील उज्ज्वल निकम बने मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से BJP प्रत्याशी, कसाब को दिलाई थी फांसी

Sat, 27 Apr 2024 05:20 PM IST
मिथिलेश नौटियाल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

Election: लोकसभा चुनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। भाजपा ने मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से उज्ज्वल निकम को प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी ने इस सीट से पूनम महाजन का टिकट काटा है। 
विज्ञापन
उज्जवल निकम - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लोकसभा चुनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। भाजपा ने मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से पूनम महाजन का टिकट काटा है और उज्ज्वल निकम को प्रत्याशी घोषित किया है। बता दें कि अजमल कसाब केस में उज्ज्वल निकम सरकारी वकील थे और उन्होंने ही कसाब को फांसी की सजा दिलवाई थी। निकम ने 26/11 हमले के अलावा मुंबई बम ब्लास्ट केस, गुलशन कुमार मर्डर केस, प्रमोद महाजन मर्डर केस, गेटवे ऑफ इंडिया ब्लास्ट जैसे कई केस लड़े हैं। महाराष्ट्र के जलगांव शहर के एक मराठा परिवार से ताल्लुक रखने वाले मशहूर वकील निकम को अब भाजपा ने मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से उम्मीदवार घोषित किया है।

मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं- उज्ज्वल निकम

विज्ञापन

मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से भाजपा प्रत्याशी चुने जाने के बाद उज्ज्वल निकम ने कहा है कि वर्षों  तक आपने मुझे कोर्ट में आरोपियों के खिलाफ लड़ते हुए देखा लेकिन अब भाजपा ने मुझे नई जिम्मेदारी दी है। उन्होंने इसके लिए पीएम मोदी,  भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, महाराष्ट्र बीजेपी प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले, डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस और मुंबई भाजपा प्रमुख आशीष शेलार का आभार जताया। निकम ने कहा कि मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट एक बहुत ही महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्र है। इसका प्रतिनिधित्व स्वर्गीय मुरली मनोहर जोशी, रामदास अठावले और पूनम महाजन ने किया और इन लोगों ने हमेशा राष्ट्रहित में संसद में सवाल उठाए हैं। भाजपा प्रत्याशी ने आगे कहा ‘मैं राजनीति को लड़ाई नहीं मानता क्योंकि राजनीति के माध्यम से समाज की सेवा की जा सकती है। राजनीति के माध्यम से भी देश की सेवा की जा सकती है। मुझे देश की सेवा करने का अवसर मिला है और इसलिए मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं।’



हम सभी के लिए गर्व का क्षण- पीयूष गोयल
उज्ज्वल निकम के प्रत्याशी चुने जाने के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व का क्षण है कि उज्जवल निकम अब संसद में आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई की आवाज उठाएंगे और आतंकवाद को जड़ से खत्म करने की दिशा में हमारे साथ काम करेंगे।

मुंबई भाजपा प्रमुख आशीष शेलार ने क्या कहा?

विज्ञापन

उधर मुंबई भाजपा प्रमुख आशीष शेलार ने कहा कि जिस व्यक्ति ने मुंबई के लोगों के लिए और देश में आतंकवाद फैलाने वालों के खिलाफ प्रमुखता से लड़ाई लड़ी, ऐसे वकील उज्ज्वल निकम को भाजपा ने टिकट दिया है। शेलार ने विपक्षी दलों से अपील की है कि ऐसे सच्चे व्यक्ति के खिलाफ लड़ने वाले उम्मीदवारों को अपना नामांकन वापस लेना चाहिए।

पूनम महाजन ने मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से दो बार हासिल की है जीत
बता दें कि मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से दिवंगत भाजपा नेता प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन ने 2014 और 2019 में जीत हासिल की थी। वह भाजपा की युवा शाखा की पूर्व अध्यक्ष भी हैं। भाजपा के नेताओं ने दावा किया है कि महाजन को हटाने का निर्णय संगठनात्मक फीडबैक के आधार पर लिया गया है। इस बात के संकेत पहले से मिल रहे थे कि पूनम महाजन को लेकर पार्टी हाईकमान कोई बड़ा फैसला ले सकता है।

कांग्रेस की तरफ से वर्षा गायकवाड़ मैदान में
उधर कांग्रेस ने अपनी शहर इकाई प्रमुख और धारावी विधायक वर्षा गायकवाड़ को मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से मैदान में उतारा है। बता दें कि मुंबई में पांचवें चरण के तहत 20 मई को मतदान होना है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें