कन्नौज से सपा प्रमुख अखिलेश यादव के नामांकन दाखिल करने के बाद बसपा ने रायबरेली से ठाकुर प्रसाद यादव को मैदान में उतारा है। इसके बाद बारी कांग्रेस की है। कांग्रेस पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्र बताते हैं कि जल्द ही राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अमेठी, रायबरेली का दौरा करेंगे। अमेठी के कांग्रेस नेता टीएन त्रिपाठी कहते हैं कि जल्द ही नामांकन दाखिल करेंगे। कांग्रेस नेता शैलेंद्र दूबे कहते हैं कि वायनाड में मतदान के बाद उत्तर प्रदेश को बहुत बड़ा राजनीतिक सरप्राइज देने की तैयारी है।
शैलेंद्र दूबे कहते हैं कि सबकुछ सुनियोजित तरीके से आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस और सपा का इंडिया गठबंधन उत्तर प्रदेश में भाजपा के लिए कांटे की चुनौती पेश करने जा रहा है। श्याम सुंदर सिंह इस समय पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजनीति का जायजा ले रहे हैं। वह साफ कहते हैं कि बसपा ने कई सीटों पर सामाजिक ताने-बाने को समझकर प्रत्याशी उतारा है। दूसरे चरण के मतदान की तारीख आने के साथ-साथ इंडिया गठबंधन भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को कड़ी चुनौती देने लगा है। बसपा ने आज भी तीन प्रत्याशियों की घोषणा की है। इनमें रायबरेली से ठाकुर प्रसाद यादव, अंबेडकर नगर से कमर हयात अंसारी और बहराइच से बृजेश कुमार सोनकर हैं।
अखिलेश के बाद प्रियंका, राहुल मैदान छोड़ देंगे तो बचेगा क्या?
राजनीति विज्ञान के प्रो. एसपी सिंह कहते हैं कि सत्ता पक्ष के लिए मुश्किल दौर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बड़ा चेहरा बन चुके हैं और भाजपा राजनीतिक दल के रूप में अब तक सबसे अच्छा प्रदर्शन कर रही है। एसपी सिंह कहते हैं कि उत्तर प्रदेश में तीन प्रमुख विपक्षी दल हैं। सबसे पुरानी राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी। मायावती लोकसभा चुनाव नहीं लड़ रही हैं। अखिलेश यादव ने 25 अप्रैल को कन्नौज से नामांकन दाखिल कर दिया। ऐसे में कांग्रेस के उत्तर प्रदेश से दो मुख्य कद्दावर चेहरा राहुल और प्रियंका चुनाव लड़ने से पीछे हट जाएंगे, तो बचेगा क्या? सिंह का कहना है कि राहुल और प्रियंका गांधी के नामांकन दाखिल करने के बाद उत्तर प्रदेश में विपक्ष की राजनीति खड़ी होने लगेगी। सत्ता पक्ष को मजबूत चुनौती और तमाम सीटों पर कांटे की टक्कर मिलने लगेगी।
अभी कांग्रेस ने नहीं किया है अमेठी, रायबरेली से प्रत्याशियों का एलान
बसपा का अमेठी से प्रत्याशी आना बाकी है और भाजपा का रायबरेली से, जबकि कांग्रेस को अमेठी और रायबरेली दोनों सीटों से प्रत्याशी की घोषणा करना है। अमेठी के टीएन त्रिपाठी कहते हैं कि उन्हें नेहरू गांधी परिवार से प्रियंका और राहुल के मैदान में उतरने का मजबूत भरोसा मिला है। कांग्रेस नेता केएल शर्मा अभी पत्ता नहीं खोल रहे हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय साफ कह रहे हैं कि अमेठी से राहुल गांधी और राय बरेली से प्रियंका गांधी चुनाव लड़ेंगी। असल के चुनाव का समर अभी शेष है।