लोकसभा चुनाव 2024 परिणाम
- फोटो : AMAR UJALA
आज लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आ रहे हैं। रुझानों में देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में मुकाबला दिलचस्प दिख रहा है। शुरुआती गिनती में वाराणसी से पीएम मोदी पीछे थे लेकिन अब आगे हैं। इस चुनाव में कई सीटें ऐसी हैं जिनके ऊपर सभी की नजर है। इन सीटों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सीट वाराणसी, गृहमंत्री अमित शाह की सीट गांधीनगर, कांग्रेस नेता राहुल की वायनाड और रायबरेली से लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की सीट कन्नौज तक शामिल हैं।
ढाई महीने चली लोकसभा चुनाव 2024 की प्रक्रिया का आज सबसे बड़ा दिन है। जब 8360 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है। सुबह आठ बजे से लोकसभा की 543 में से 542 सीटों पर वोटों की गिनती हो रही है। बता दें कि गुजरात की सूरत सीट पर भाजपा पहले ही निर्विरोध जीत दर्ज कर चुकी है। नतीजों के साथ नई लोकसभा कैसी होगी यह तय हो जाएगा।
देश की सबसे चर्चित सीटों का हाल क्या है? यहां कैसे समीकरण रहे? 2019 में यहां किसे जीत मिली थी? इस बार क्या होगा? आइये जानते हैं...
| उम्मीदवार |
सीट |
रुझान |
| नरेंद्र मोदी |
वाराणसी |
आगे |
| राजनाथ सिंह |
लखनऊ |
आगे |
| राहुल गांधी |
रायबरेली |
आगे |
| स्मृति ईरानी |
अमेठी |
पीछे |
| अखिलेश यादव |
कन्नौज |
आगे |
| डिंपल यादव |
मैनपुरी |
आगे |
| धर्मेंद्र यादव |
आजमगढ़ |
आगे |
| अरुण गोविल |
मेरठ |
आगे |
| हेमा मालिनी |
मथुरा |
आगे |
| साध्वी निरंजन ज्योति |
फतेहपुर |
आगे |
| अजय मिश्र टेनी |
खीरी |
पीछे |
| संजीव बालियान |
मुजफ्फरनगर |
पीछे |
| अनुप्रिया पटेल |
मिर्जापुर |
पीछे |
| पंकज चौधरी |
महराजगंज |
आगे |
| एसपी सिंह बघेल |
आगरा |
आगे |
| कौशल किशोर |
माेहनलालगंज |
पीछे |
| भानु प्रताप सिंह वर्मा |
जालौन |
पीछे |
| अफजाल अंसारी |
गाजीपुर |
आगे |
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 7
- फोटो : AMAR UJALA
नरेंद्र मोदी: उत्तर प्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट इस चुनाव की सबसे चर्चित सीट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार यहां से भाजपा के उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने अपने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को एक बार फिर चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं बसपा ने अतहर जमाल लारी को अपना चेहरा बनाया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उतरे थे। उनके सामने कांग्रेस ने अजय राय और सपा ने शालिनी यादव को उतारा था। नतीजे भाजपा के पक्ष में रहे और यहां प्रधानमंत्री ने सपा की शालिनी यादव को 4,79,505 मतों से बड़े अंतर से शिकस्त दी थी। इस चुनाव में नरेंद्र मोदी को 6,74,664 वोट, सपा उम्मीदवार शालिनी को 1,95,159 और कांग्रेस के अजय राय को 1,52,548 वोट मिले थे। पिछले चुनाव में वाराणसी में कुल 57.13% लोगों ने मतदान किया था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 3
- फोटो : AMAR UJALA
अमित शाह: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुजरात की गांधीनगर सीट से एक बार फिर से चुनाव मैदान में हैं। शाह 2019 में यहां से जीते थे। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस की सोनल पटेल से है। सोनल गुजरात महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रह चुकी हैं। 2019 में गांधीनगर लोकसभा सीट पर 69.3% मतदान हुआ था।
ज्योतिरादित्य सिंधिया: हर बार की तरह गुना लोकसभा सीट की इस चुनाव में एक चर्चित सीट बनी हुई है। गुना लोकसभा सीट से भाजपा की तरफ से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया चुनावी मैदान में हैं। नागरिक उड्डयन और इस्पात मंत्री सिंधिया अभी मध्य प्रदेश से भाजपा के राज्यसभा सांसद हैं। इस चुनाव के लिए कांग्रेस ने सिंधिया के सामने राव यादवेंद्र सिंह यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है। 2019 लोकसभा चुनाव में गुना सीट पर भाजपा के उम्मीदवार डॉ. केपी यादव ने कांग्रेस के टिकट पर उतरे ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराया था। उस चुनाव में यहां 73% मतदान दर्ज किया गया था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 5
- फोटो : AMAR UJALA
राजनाथ सिंह: उत्तर प्रदेश की लखनऊ लोकसभा सीट से भाजपा की तरफ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चुनाव मैदान में हैं। भाजपा नेता के सामने सपा ने रविदास मेहरोत्रा को अपना उम्मीदवार बनाया है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके मेहरोत्रा फिलहाल लखनऊ मध्य विधानसभा सीट से सपा के विधायक हैं। बसपा ने लखनऊ सीट से सरवर मलिक को प्रत्याशी बनाया है। 2019 लोकसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा से राजनाथ सिंह जीते थे। 2019 में लखनऊ सीट पर 54.78% मतदान दर्ज किया गया था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 5
- फोटो : AMAR UJALA
राहुल गांधी: उत्तर प्रदेश की जिन सीटों की सबसे ज्यादा चर्चा है, उनमें से एक रायबरेली लोकसभा सीट भी है। ये राज्य की इकलौती सीट है जहां 2019 में कांग्रेस को जीत मिली थी। तब सोनिया गांधी यहां से जीतकर लोकसभा पहुंची थीं। सोनिया अब राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुकी हैं। कांग्रेस ने काफी इंतजार के बाद रायबरेली से राहुल गांधी को चुनाव मैदान उतारा। भाजपा ने यहां दिनेश प्रताप सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। एमएलसी दिनेश प्रताप फिलहाल योगी सरकार में मंत्री हैं। 2019 में रायबरेली सीट पर कांग्रेस की तरफ से सोनिया गांधी ने भाजपा के दिनेश प्रताप को हराया था। पिछले चुनाव में यहां 54.08% मतदान हुआ था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 5
- फोटो : AMAR UJALA
स्मृति ईरानी: केंद्रीय मंत्री और अमेठी की मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी एक बार फिर भाजपा के टिकट पर यहां से मैदान में हैं। वहीं कांग्रेस ने नामांकन के आखिरी दिन गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा को उम्मीदवार बनाया। बसपा ने यहां नन्हे सिंह चौहान को अपना उम्मीदवार बनाया है। 2019 में भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को शिकस्त दी थी। पिछले चुनाव में यहां 54.08% लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 2 हॉट सीट
- फोटो : AMAR UJALA
हेमा मालिनी: उत्तर प्रदेश की चर्चित सीटों में शुमार मथुरा से फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी चुनाव लड़ रही हैं। वह तीसरी बार भाजपा के टिकट पर चुनाव में उतरी हैं। वर्तमान में हेमा मालिनी मथुरा लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व भी कर रही हैं। उनके सामने इस बार कांग्रेस से मुकेश धनगर और बसपा से सुरेश सिंह की दावेदारी है। हालांकि, पहले चर्चा थी कि हेमा मालिनी के सामने कांग्रेस बॉक्सर विजेंदर सिंह को उतारेगी लेकिन बाद में वह भाजपा में शामिल हो गए। 2019 में मथुरा लोकसभा सीट पर भाजपा के टिकट पर हेमा मालिनी को जीत मिली थी। उस चुनाव में यहां कुल 61.08% लोगों ने मतदान किया था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 5
- फोटो : AMAR UJALA
चिराग पासवान: बिहार में हाजीपुर लोकसभा सीट इस चुनाव की चर्चित सीटों में शुमार है। यहां से एनडीए की तरफ से लोजपा (आर) के चिराग पसवान चुनाव मैदान में हैं। राजद ने हाजीपुर सीट पर शिवचंद्र राम को टिकट दिया है। शिवचंद्र विधायक और बिहार सरकार में मंत्री रह चुके हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में हाजीपुर सीट पर लोजपा से पशुपति पारस ने जीत दर्ज की थी। पिछले चुनाव में यहां 55.26% मतदान हुआ था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 6
- फोटो : AMAR UJALA
मनोहर लाल: इस चुनाव में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी किस्मत आजमा रहे हैं। हरियाणा की करनाल सीट से भाजपा ने मनोहर लाल खट्टर को उतारा है। मार्च 2024 में नायब सिंह सैनी की ताजपोशी से पहले वह हरियाणा के मुख्यमंत्री थे। अब विधायकी से इस्तीफा देकर लोकसभा की जंग में उतरे हैं। उनके सामने युवा कांग्रेस प्रदेश के अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा हैं। इसके अलावा जजपा ने देवेंद्र कादियान को मौका दिया है। बीते चुनाव में करनाल में भाजपा के संजय भाटिया ने जीत दर्ज की थी। 2019 में यहां 68.35% वोटिंग दर्ज की गई थी।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 6
- फोटो : AMAR UJALA
दीपेंद्र हुड्डा: हरियाणा की जिन सीटों पर रोचक मुकाबला होने की उम्मीद है, उनमें रोहतक भी है। यहां कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे दीपेंद्र हुड्डा को उम्मीदवारी थमाई है। वहीं भाजपा ने रोहतक लोकसभा सीट पर एक बार फिर अरविंद शर्मा पर भरोसा जताया है। इसके अलावा, जजपा ने रविंद्र को अपना प्रत्याशी बनाया है। अरविंद शर्मा ने ही भाजपा को पिछली बार रोहतक सीट पर पहली जीत दिलवाई थी। 2019 में यहां 70.52% लोगों ने मतदान किया था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 7
- फोटो : AMAR UJALA
चरणजीत सिंह चन्नी: पंजाब की जालंधर सीट भी इस चुनाव में खास बनी हुई है। यहां कांग्रेस ने राज्य के मुख्यमंत्री रहे चरणजीत सिंह चन्नी को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने आप से आए सांसद सुशील कुमार रिंकू को टिकट दिया है। चुनाव से पहले सांसद सुशील कुमार रिंकू आप छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। रिंकू आम आदमी पार्टी से एकमात्र सांसद थे। जालंधर सीट पर आप से पवन कुमार टीनू और शिअद से मोहिंदर सिंह केपी उम्मीदवार हैं। 2019 में जालंधर में कांग्रेस से संतोख सिंह चौधरी (कांग्रेस) जीतकर संसद पहुंचे थे। गत चुनाव में यहां 63.04% लोगों ने वोटिंग की थी। पिछले साल संतोख सिंह का निधन हो गया था जिसके बाद हुए उपचुनाव में यह सीट आप के रिंकू ने जीती थी।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो : AMAR UJALA
अखिलेश यादव: उत्तर प्रदेश की कन्नौज लोकसभा सीट इस चुनाव में एक चर्चित सीट बनी हुई है। कन्नौज लोकसभा सीट से सपा की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव चुनाव मैदान में हैं। यहां से भाजपा के सुब्रत पाठक अभी मौजूदा सांसद हैं। इस चुनाव में अखिलेश के सामने भाजपा से सुब्रत पाठक और बसपा से इमरान बिन जफर हैं। 2019 लोकसभा चुनाव में कन्नौज सीट पर भाजपा से सुबत पाठक जीते थे। तब उन्होंने अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को हराया था। उस चुनाव में यहां 62.9 % मतदान दर्ज किया गया था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 3
- फोटो : AMAR UJALA
शिवराज सिंह चौहान: इस लोकसभा चुनाव में विदिशा लोकसभा सीट खास बनी हुई है। इस सीट पर भाजपा ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अपना उम्मीदवार बनाया है। शिवराज मुख्यमंत्री बनने से पहले इसी सीट का प्रतिनिधित्व किया करते थे। अब अरसे बाद फिर शिवराज विदिशा के चुनाव मैदान में उतरे हैं और इस बार उनका सामना कांग्रेस के प्रताप भानू शर्मा से है। भाजपा के रमाकांत भार्गव 2019 में यहां से जीतकर संसद पहुंचे थे। पिछले चुनाव में विदिशा सीट पर 74% वोटिंग दर्ज की गई थी।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 3
- फोटो : AMAR UJALA
दिग्विजय सिंह: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इस बार भी लोकसभा चुनाव में उतरे हैं। वह राजगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। वहीं भाजपा की तरफ से रोडमल नागर भाजपा उम्मीदवार हैं। 2019 लोकसभा चुनाव में राजगढ़ सीट पर भाजपा के उम्मीदवार रोडमल नागर ने सफलता हासिल की थी। उस चुनाव में यहां 77% मतदान दर्ज किया गया था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 2 हॉट सीट
- फोटो : AMAR UJALA
ओम बिड़ला: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला की उम्मीदवारी से राजस्थान की कोटा सीट भी चर्चित सीटों में शुमार है। यहां से बिड़ला एक बार फिर चुनाव मैदान में हैं। 2024 के चुनाव में ओम बिड़ला का सामना कांग्रेस के प्रह्लाद गुंजल से है। 2019 में कोटा से बिड़ला को जीत मिली थी। उस चुनाव में कोटा सीट पर 70.22% मतदान हुआ था।
भूपेश बघेल: छत्तसीगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी दूसरे चरण में मैदान में हैं। बघेल राजनांदगांव सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। वर्तमान में वह पाटन से कांग्रेस के विधायक हैं। 2019 में राजनांदगांव से भाजपा के संतोष पांडे जीते थे। इस बार भी पांडे भाजपा उम्मीदवार हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में राजनांदगांव सीट पर 76.20% मतदान हुआ था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 3
- फोटो : AMAR UJALA
सुनेत्रा पवार बनाम सुप्रिया सुले: महाराष्ट्र की बारामती सीट पर रिश्ते में ननद भौजाई का राजनीतिक मुकाबला दिलचस्प है। यहां राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी-अजित पवार खेमा) ने सुनेत्रा पवार को लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। सुनेत्रा महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी हैं। वहीं, सुनेत्रा के खिलाफ उनकी ननद सुप्रिया सुले चुनाव मैदान में हैं। सुप्रिया शरद पवार की बेटी हैं। बारामती लोकसभा क्षेत्र की मौजूदा सांसद एनसीपी (शरद चंद्र पवार) की सुप्रिया सुले हैं। 2019 में बारामती सीट पर सुप्रिया ने भाजपा के कंचन राहुल कूल को हराया था। पिछले चुनाव में इस सीट पर 64.8% वोटिंग दर्ज की गई थी।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 5
- फोटो : AMAR UJALA
उमर अब्दुल्ला: कश्मीर की बारामुला सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला चुनाव लड़ रहे हैं जिसके चलते यह सीट खास हो गई है। उमर के सामने महबूबा मुफ्ती की पार्टी पीडीपी से फैयाज अहमद हैं। पिछले चुनाव में यह सीट नेशनल कॉन्फ्रेंस के अकबर लोन ने जीती थी। 2019 के चुनाव में यहां 34.6% मतदान दर्ज किया गया था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 6
- फोटो : AMAR UJALA
महबूबा मुफ्ती: जम्मू कश्मीर की अनंतनाग-राजोरी लोकसभा सीट पर छठे चरण में वोटिंग हुई। पीडीपी से पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती चुनाव लड़ रही हैं। वहीं मुफ्ती के सामने जम्मू कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस से मियां अल्ताफ अहमद उतरे हैं। भाजपा ने कश्मीर की तीनों ही सीटों पर अपने उम्मीदवार नहीं उतारे हैं। 2019 में यहां जेकेएनसी से हसनैन मसूदी को जीत दर्ज की थी। बीते चुनाव में अनंतनाग-राजोरी लोकसभा सीट पर मात्र 8.98% लोगों ने मतदान किया था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 7
- फोटो : AMAR UJALA
कंगना रनौत: इस चुनाव में उतरे उम्मीदवारों में कुछ ऐसे हैं जिनकी चर्चा सबसे ज्यादा है। ऐसी ही एक उम्मीदवार हैं कंगना रनौत। फिल्म अभिनेत्री कंगना को भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। विक्रमादित्य सिंह यहां से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। विधायक विक्रमादित्य सिंह मंडी से मौजूदा कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह के बेटे हैं। विक्रमादित्य सिंह का परिवार मंडी लोकसभा सीट का छह बार प्रतिनिधित्व कर चुका है। 2019 के लोकसभा चुनाव में यहां से भाजपा के राम स्वरुप शर्मा जीते थे। 2019 में मंडी में 73.6% लोगों ने मतदान में हिस्सा लिया था। 2021 में मंडी सांसद रामस्वरूप शर्मा का निधन हो गया। इसके बाद मंडी सीट पर उप-चुनाव हुआ जिसमें कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह सांसद चुनी गईं।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो : AMAR UJALA
महुआ मोइत्रा बनाम अमृता रॉय: 2024 लोकसभा चुनाव में कई ऐसे नाम हैं, जिनका ताल्लुक राजघरानों से है। इस सूची में एक नाम अमृता रॉय का भी है। कृष्णानगर शाही परिवार की सदस्य अमृता रॉय लोकसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रही हैं। अमृता को भाजपा ने कृष्णानगर से अपना उम्मीदवार बनाया है, जो हाल ही में पार्टी में शामिल हुई थीं। शाही उम्मीदवार का सामना तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा और माकपा की एसएम सादी से है। अपने भाषणों के लिए सुर्खियों में रहने वाली महुआ पिछले दिनों कैश-फॉर-क्वेरी केस में चर्चा में रही हैं। यहां तक की उनकी संसद सदस्यता तक चली गई थी। आरोपों के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस नेता प्रवर्तन निदेशालय की जांच का सामना कर रही हैं। पिछले चुनाव में कृष्णानगर सीट पर तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा को यहां से जीत मिली थी। उस चुनाव में यहां 77.4% लोगों ने वोट किया था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो : AMAR UJALA
अधीर रंजन चौधरी बनाम यूसुफ पठान: इस चुनाव में पश्चिम बंगाल की बहरामपुर सीट का मुकाबला भी दिलचस्प है। यहां कांग्रेस के दिग्गज नेता अधीर रंजन चौधरी एक बार फिर मैदान में हैं। वहीं, टीएमसी ने अधीर के सामने पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान को उतारा है। दूसरी ओर भाजपा ने डॉक्टर निर्मल कुमार साहा को मैदान में उतारा है। बीते 2019 के लोकसभा चुनाव में बंगाल में कांग्रेस के खाते में दो सीटें गई थीं जिनमें बहरामपुर भी शामिल थी। कांग्रेस की तरफ से अधीर रंजन चौधरी को जीत मिली थी। उस चुनाव में बहरामपुर सीट पर 75.2% मतदान हुआ था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 4
- फोटो : AMAR UJALA
असदुद्दीन ओवैसी: इस लोकसभा चुनाव में हॉट सीटों की सूची में हैदराबाद भी शामिल है। यहां के सियासी मुकाबले की चर्चा खूब हो रही है। चार बार के सांसद और एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के सामने अपना किला बचाने की चुनौती होगी। इस बार उनका सीधा मुकाबला भाजपा की डॉ. माधवी लता से है। वह हाल ही में राजनीति में आई हैं। इस सीट पर ओवैसी के सामने कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष मो. वलीउल्लाह समीर को उतारा है। बीआरएस से जी. श्रीनिवास यादव प्रत्याशी हैं। 2019 लोकसभा चुनाव में हैदराबाद सीट पर असदुद्दीन ओवैसी को जीत मिली थी। उस चुनाव में यहां महज 45.8% मतदान हुआ था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 2 हॉट सीट
- फोटो : AMAR UJALA
शशि थरूर vs राजीव चंद्रशेखर: केरल की तिरुवनंतपुरम सीट पर सियासी लड़ाई भी दिलचस्प है। कांग्रेस ने यहां से एक बार फिर से शशि थरूर को टिकट दिया है। वहीं, भाजपा ने यहां से केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर को मैदान में उतारा है। राजीव चंद्रशेखर राज्यसभा सांसद रह चुके हैं और अब लोकसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य की सत्ता पर काबिज वाम दलों की ओर से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पन्नियन रवींद्रन तिरुवनंतपुरम सीट पर उम्मीदवार हैं। 2019 में यहां कांग्रेस से शशि थरूर को जीत मिली थी। पिछले चुनाव में यहां 73.74% मतदान हुआ था।
लोकसभा चुनाव 2024 चरण 2 हॉट सीट
- फोटो : AMAR UJALA
एचडी कुमारस्वामी: इस लोकसभा चुनाव में मांड्या की लड़ाई भी दिलचस्प है। यहां से जेडीएस के उम्मीदवार के तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी चुनाव लड़ रहे हैं। कर्नाटक में भाजपा जेडीएस का गठबंधन है और समझौते के तहत मांड्या सीट जेडीएस के खाते में गई। इस चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने स्टार चंद्रू के नाम से मशहूर वेंकटरमाने गौड़ा को अपना दावेदार बनाया है। 2019 में इस सीट पर निर्दलीय सुंबलता अंबरीश को जीत मिली थी। उस चुनाव में मांड्या सीट पर 80.59% मतदान हुआ था।