हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। प्रदेश की 90 सीटों पर 2.03 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। प्रदेश भर में कुल 1031 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। हरियाणा के नतीजे जम्मू कश्मीर के साथ ही 8 अक्तूबर को आएंगे।
आइये जानते हैं हरियाणा के चुनाव की बड़ी बातें क्या हैं?
हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। प्रदेश की 90 सीटों पर 2.03 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। प्रदेश भर में कुल 1031 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। हरियाणा के नतीजे जम्मू कश्मीर के साथ ही 8 अक्तूबर को आएंगे।
आइये जानते हैं हरियाणा के चुनाव की बड़ी बातें क्या हैं?
पहले जानते हैं चुनाव कार्यक्रम क्या है?
हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में मतदान हो रहा है। चुनाव के लिए अधिसूचना 5 सितंबर को जारी हुई। नामांकन की आखिरी तारीख 12 सितंबर रही। 16 सितंबर तक उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिया। वहीं, मतदान 5 अक्तूबर को कराया जा रहा है। नतीजे 8 अक्तूबर को घोषित किए जाएंगे।
हरियाणा में कितने मतदाता?
हरियाणा के विधानसभा चुनाव में 2.03 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। 2.03 करोड़ मतदाताओं में से 1.07 करोड़ से अधिक मतदाता पुरुष हैं, जबकि 95 लाख से अधिक मतदाता महिलाएं हैं और 467 थर्ड जेंडर हैं। यहां 5.24 लाख युवा मतदाता हैं, जिनकी आयु 18 से 19 वर्ष के बीच है। राज्य में कुल 1.49 लाख दिव्यांग मतदाता हैं, जिनमें से 93.5 हजार पुरुष, 55.5 हजार महिलाएं और छह थर्ड जेंडर हैं।
85 वर्ष से अधिक आयु के 2.31 लाख मतदाता हैं, जिनमें 89.9 हजार पुरुष और 1.41 लाख महिलाएं हैं। इसके अलावा, 100 वर्ष से अधिक आयु के 8,821 मतदाता हैं, जिनमें 3,283 पुरुष और 5,538 महिलाएं हैं। सेवा मतदाताओं की कुल संख्या 1.09 लाख है, जिनमें 1.04 लाख पुरुष और 4,791 महिलाएं हैं।
मतदान केंद्र कितने बने हैं?
इस बार चुनाव में कुल 20629 मतदान केंद्रों पर हरियाणा के मतदाता वोट डाल सकेंगे। ये मतादन केंद्र 10495 जगहों पर बनाए गए हैं। कुछ जगहें ऐसी हैं जहां एक से अधिक मतदान केंद्र हैं। कुल मतदान केंद्रों में से शहरी इलाके में बनने वाले मतदान केद्रों की संख्या 7132 है। वहीं, 13,497 मतदान केंद्र ग्रामीण इलाकों में बने हैं। एक मतदान केंद्र पर औसतन 977 मतदाता वोट डाल सकेंगे। 125 मतदान केंद्र ऐसे हैं जिनकी जिम्मेदारी सिर्फ महिलाओं के पास है। इसी तरह 92 मतदान केंद्रों के संचालन का जिम्मा दिव्यांगों के हाथ में दिया गया है।
इस बार चुनाव मैदान में उतरे सभी प्रत्याशियों के औसत धन की बात करें तो यह 8.68 करोड़ रुपये है। वहीं 2019 में 1138 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 4.31 करोड़ रुपये थी। पार्टीवार आंकड़े देखें तो, इस बार कांग्रेस के प्रत्याशियों के औसत संपत्ति 24.40 करोड़ रुपये है। दूसरे नंबर पर भाजपा के उम्मीदवारों के औसत संपत्ति 24.27 करोड़ रुपये है। इसके अलावा, इनेलो के प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 9.64 करोड़ रुपये, जजपा उम्मीदवारों की 9.36 करोड़, आप उम्मीदवारों की 5.57 करोड़ और बसपा के उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 3.46 करोड़ रुपये है।
देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल तीसरी सबसे धनी उम्मीदवार
इस बार सबसे अमीर प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु हैं। वह हिसार जिले की नारनौंद सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं। कैप्टन अभिमन्यु की कुल संपत्ति 491 करोड़ है। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के रोहतास सिंह हैं। गुरुग्राम की सोहना सीट से उतरे रोहतास की संपत्ति 484 करोड़ रुपए है। वहीं, देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 की तीसरी सबसे धनी प्रत्याशी हैं। हिसार से चुनाव लड़ रहीं सावित्री ने अपने नाम कुल 270 करोड़ की संपत्ति बताई है।
कितने पढ़े-लिखे हैं उम्मीदवार?
चुनाव में किस्मत आजमा रहे 486 (47%) उम्मीदवार पांचवीं से बारहवीं कक्षा तक पढ़े हैं। 492 (48%)उम्मीदवारों ने स्नातक या उससे अधिक की पढ़ाई की है। 26 प्रत्याशी डिप्लोमा धारी, 8 साक्षर और 15 निरक्षर हैं। इनके अलावा एक उम्मीदवार ने अपनी शैक्षिक योग्यता नहीं बताई है।