Haryana Election: हरियाणा में सभी 90 सीटों पर मतदान खत्म हो गया। इसके साथ ही प्रदेश की इन 90 सीटों पर उतरे 1031 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। 22 जिलों के 2.03 करोड़ मतदाता मतदान में हिस्सा लेने के लिए पात्र थे।
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को मतदान खत्म हो गया। राज्य में एक ही चरण में सभी 22 जिलों की 90 सीटों के लिए वोटिंग हुई। इसके साथ प्रदेश में उतरे 1031 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई। सबसे ज्यादा सात विधानसभा सीटें हिसार जिले में रहीं। वहीं सबसे कम दो-दो सीटें पंचकूला और चरखी दादरी जिले की थीं।
चुनाव आयोग के शनिवार रात साढ़े नौ बजे के आंकड़े के मुताबिक, हरियाणा में 61.59 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान की सबसे तेज रफ्तार यमुनानगर जिले में देखी गई। यहां 69.91 फीसदी लोगों ने वोट डाला। वहीं मतदान की सबसे धीमी रफ्तार गुरुग्राम में रिकॉर्ड की गई। यहां महज 49.97 फीसदी लोगों ने वोट डाला। हालांकि, चुनाव आयोग के अंतिम आंकड़ों में मतदान प्रतिशत बदल सकता है। 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में कुल 67.92 फीसदी मतदान हुआ था।