सार
तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस-डीएमके गठबंधन ने एससी-एसटी, ओबीसी समुदायों के करोड़ों लोगों को आवास, पानी और बिजली के लिए तरसाया।
देशभर में लोकसभा चुनाव की सरगर्मी बढ़ रही है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी का इस बार दक्षिण पर विशेष ध्यान है। यही वजह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दक्षिण से अपने चुनाव अभियान की शुरुआत की थी। अब पीएम मोदी ने तमिलनाडु के कोयंबटूर के मेट्टुपालयम में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने कहा कि डीएमके उन लोगों के साथ खड़ी है जो देश में निवेश खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ये लोग अपनी राजनीति से तमिलनाडु को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा रहे हैं।
‘पारिवारिक पार्टियों ने गरीबों को मकान, बिजली, पानी के लिए तरसाया’
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस-डीएमके गठबंधन ने एससी-एसटी, ओबीसी समुदायों के करोड़ों लोगों को आवास, पानी और बिजली के लिए तरसाया लेकिन भाजपा सरकार ने करोड़ों लोगों को पीएम आवास दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हर गांव में बिजली पहुंचाई, 80 करोड़ जरूरतमंद लोगों को मुफ्त राशन दिया और उनमें से ज्यादातर एससी-एसटी, ओबीसी समुदाय के लोग हैं। विपक्ष पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि ये पारिवारिक पार्टियां सोचती हैं कि उनके बेटे-बेटियों के अलावा कोई गरीब या आदिवासी उच्च पद पर नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने पहली बार एक आदिवासी महिला को भारत का राष्ट्रपति बनाया और उस समय भी इंडी गठबंधन ने इसका कड़ा विरोध किया।
‘विपक्ष का एक ही एजेंडा- झूठ बोलकर सत्ता पाना’
विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तो राज्यों के साथ इस आधार पर भेदभाव किया जाता था कि कौन सी पार्टी सत्ता में थी। लेकिन भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास वाली सोच पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि डीएमके और कांग्रेस जैसी पारिवारिक पार्टियों का एक ही एजेंडा है कि झूठ बोलकर सरकार में बने रहना। पीएम मोदी के अनुसार कांग्रेस ने इतने दशकों तक गरीबी हटाओ का नारा दिया, लेकिन गरीबी खत्म नहीं हुई और एनडीए सरकार ने पच्चीस करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला।
विपक्ष को भारत की ताकत पर भरोसा नहीं- पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन को भारत की ताकत पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि जब दुनिया में कोरोना महामारी आई, तो विपक्षी नेता कहते थे कि भारत वैक्सीन नहीं बना सकता। भारत ने न केवल मेड इंडिया वैक्सीन बनाई बल्कि मुफ्त वैक्सीन देकर करोड़ों लोगों की जान भी बचाई।