दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना कुछ देर में शुरू हो जाएगी। इस बीच सभी की नजर दिल्ली की उन लोकसभा सीटों पर रहेगी, जहां यूं तो भाजपा का कब्जा रहा है, लेकिन विधानसभा चुनाव में वहां आम आदमी पार्टी एकतरफा जीत हासिल करती है। दरअसल, 2014, 2019 और फिर लगातार तीसरी बार 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सभी लोकसभा सीटों पर भाजपा ने वर्चस्व कायम करते हुए हुए बंपर जीत हासिल की। हालांकि, 2013, 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों की बात करें तो नतीजे लोकसभा चुनाव की तरह एकतरफा भाजपा के पक्ष में नहीं रहे हैं।
ऐसे में मतगणना शुरू होने के बाद से ही दिल्ली में विधानसभा सीटों के साथ इस बात पर भी नजर रहेगी कि इस बार किस लोकसभा सीट की कितनी विधानसभा सीटों पर कौन जीत दर्ज करता है? क्या भाजपा लोकसभा चुनाव के अपने प्रदर्शन को विधानसभा के लिहाज से भी दोहरा पाएगी? या आम आदमी पार्टी पिछली बार की तरह इस बार भी विधानसभा में भाजपा को पीछे छोड़ देगी? नजर कांग्रेस पर भी रहेगी, जिसने 1998 से 2013 तक दिल्ली के जिलों को कांग्रेस के पक्ष में रखने में अहम भूमिका निभाई।
संबंधित वीडियो