हालांकि, एग्जिट पोल के अनुमान हमेशा सटीक नहीं होते। पिछले साल हुए झारखंड विधानसभा चुनाव में एग्जिट पोल में झारखंड मुक्ति मोर्चा और भारतीय जनता पार्टी के बीच टक्कर का अनुमान लगाया था, लेकिन परिणामों में बाजी बिल्कुल अलग ही रही। झामुमो ने बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की। बात अगर दिल्ली की करें तो 2020 और 2015 के विधानसभा चुनावों के एग्जिट पोल तो करीब करीब सही साबित हुए थे, लेकिन 2013 में एग्जिट पोल आम आदमी पार्टी को भापने में चूक गए थे।
ऐसे में हम आपको दिल्ली के पिछले नतीजे और एग्जिट पोल के आंकड़े बताने जा रहे हैं। इससे आप समझ पाएंगे कि यह पोल कितने सही होते हैं? इनमें किए गए दावे कितने सटीक होते हैं? इन पोल में पिछली बार क्या कहा गया था और बाद में नतीजे क्या निकले?
पिछले विधानसभा चुनाव यानी 2020 में कैसे रहे थे एग्जिट पोल और नतीजे?
2020 में दिल्ली की जनता ने विधानसभा चुनाव के लिए 8 फरवरी को वोट डाला था। इस दौरान 64.5 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। इस चुनाव के बाद जो एग्जिट पोल जारी किए गए थे, उनमें लगभग सभी एजेंसियों ने आप को बहुमत दिखाया था। इसके भाजपा को 2015 के मुकाबले कुछ फायदा और कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने का अनुमान लगाया गया था। जब नतीजे सामने आए तो आम आदमी पार्टी ने 70 में से 62 सीटों पर जीत दर्ज की। पार्टी के वोट शेयर में 0.73 फीसदी की मामूली गिरावट दर्ज की गई। वहीं, भाजपा के वोट प्रतिशत 6.21 फीसदी का उछाल आया। हालांकि, इसके बावजूद भाजपा को सिर्फ आठ सीटें ही मिलीं। दूसरी तरफ कांग्रेस का वोट प्रतिशत 4.26 फीसदी तक ही रहा। पार्टी ने 2013 और 2015 के बाद एक बार फिर वोट प्रतिशत में गिरावट दर्ज की। 2020 में कांग्रेस का वोट प्रतिशत 5.44 फीसदी और गिर गया। पार्टी को 2015 की तरह ही 2020 के विधानसभा चुनाव में भी कोई सीट नहीं मिली।
2015 में कैसे रहे थे एग्जिट पोल और नतीजे?
2015 में दिल्ली क जनता ने 7 फरवरी को अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। इस दौरान 67.5 फीसदी लोगों ने वोट किया था। इस चुनाव के बाद जो एग्जिट पोल जारी किए गए थे, उनमें लगभग सभी एजेंसियों ने आप को बहुमत दिखाया था। भाजपा को भारी नुकसान और कांग्रेस के शून्य रहने या सिंगल डिजिट में सिमटने का अनुमान जताया गया था। जब नतीजे आए तो अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में आप ने प्रचंड बहुमत हासिल कर नया इतिहास रचा। उसने 70 में से 67 सीटें जीतकर भाजपा (3)-कांग्रेस (0) का सूपड़ा पूरी तरह साफ कर दिया। 2013 में आप को 30 फीसदी वोट मिले थे जो 2015 में बढ़कर 54 फीसदी हो गया। अरविंद केजरीवाल दोबारा सीएम बने।
2013 में कैसे रहे थे एग्जिट पोल और नतीजे?
2013 में 4 दिसंबर को मतदान कराया गया था। इसके नतीजे 8 दिसंबर को जारी किए गए थे। इस दौरान 65.6 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। एग्जिट पोल में भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी, दूसरे नंबर पर कांग्रेस और तीसरे नंबर पर आप को बताया गया था। कुछ में भाजपा को बहुमत मिलने का भी अनुमान लगाया गया था। हालांकि, जब नतीजे आए तो किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला और भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। नतीजों में आम आदमी पार्टी ने सभी को चौंकाते हुए दूसरा स्थान हासिल किया और कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही।
दरअसल, 2008 की जीत के बाद कांग्रेस की दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार दोनों ही विवादों में घिर गईं। कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाले और भ्रष्टाचार के आरोपों पर घिरने के बाद शीला दीक्षित की लोकप्रियता में खासी गिरावट देखी गई। इसमें एक बड़ी भूमिका अन्ना हजारे के जनलोकपाल कानून के लिए किए गए आंदोलन की भी रही। अरविंद केजरीवाल समेत उनकी आम आदमी पार्टी का उदय भी इसी आंदोलन के बाद हुआ था। नतीजतन नई नवेली आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस से कई सीटें छीन लीं।
नई नवेली आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया। 31 सीटों के साथ भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। आप को 28 और कांग्रेस को महज 8 सीटें ही मिलीं। आप ने कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाई, लेकिन ये सरकार सिर्फ 49 दिन तक ही चल सकी।
अब जानिए 1993 1998, 2003 और 2008 के चुनावी नतीजों के बारे में
भाजपा ने आखिरी बार दिल्ली में 1993 में सरकार बनाई थी। इसके बाद 2013 तक कांग्रेस की सरकार रही। 1993 में भाजपा ने स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया। भाजपा को 49, कांग्रेस को 14, जनत दल को चार और निर्दलियों को तीन सीटें मिलीं। इसके बाद 1998 में शीला दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस ने जीत हासिल की। कांग्रेस को 52, भाजपा को 15, जनता दल को एक और निर्दलीयों को दो सीटें मिलीं। इसके बाद 2003 और 2008 में भी शीला दीक्षित ने कांग्रेस को जीत दिलाई। 2003 में कांग्रेस को 47 और भाजपा को 20 सीटें मिलीं। 2008 में भी भाजपा सत्ता से दूर रही। इस चुनाव में कांग्रेस को 43, भाजपा को 23 और बसपा को दो सीटें मिलीं।