पश्चिम बंगाल बोर्ड की दसवीं की परीक्षा में छात्रों द्वारा शरारती हरकत की खबर सामने आई है। कुछ परीक्षार्थियों ने उत्तर पुस्तिका में सत्ताधारी दल तृणमूल काग्रेस का नारा 'खेला होबे' लिखा है। पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से कॉपी की जांच में यह बात सामने आई है। परीक्षा प्राधिकरण ने छात्रों को इसके लिए हिदायत दी है। बता दें कि पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा का आयोजन बीते माह किया गया था।
पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद (WBCHSE) जो कि राज्य में उच्च माध्यमिक परीक्षा का आयोजन कराती है, ने कहा है कि वर्तमान में जारी 12वीं कक्षा की परीक्षा में अगर ऐसी घटना सामने आती है तो छात्रों पर कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड ने परीक्षकों को ऐसे उत्तर पत्रों का मूल्यांकन नहीं करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, शिक्षा परिषद द्वारा एक उच्चाधिकार प्राप्त समिति का गठन किया जाएगा जो ऐसे कृत्य पर सजा पर फैसला करेगी।
WBCHSE के अध्यक्ष चिरंजीब भट्टाचार्य ने कहा कि परीक्षा के नियमों और दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वाले राजनीतिक नारे, अभियान या विवादास्पद मुद्दे को उत्तर पुस्तिका में लिखने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इंडोलॉजिस्ट भादुरी ने कहा कि किसी भी सत्तारूढ़ दल को शिक्षा क्षेत्र का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए।