Uttarakhand Board UBSE Results 2020 date: उत्तराखंड बोर्ड (UBSE) की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा में बैठने वाले लगभग 3 लाख उम्मीदवारों का इंतजार शुक्रवार 31 जुलाई तक खत्म हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बोर्ड की सचिव नीता तिवारी ने कहा, “कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम जुलाई के अंत तक घोषित किए जाएंगे।
बोर्ड परिणाम घोषणा की प्रक्रिया को पूरा करने वाला है, जिसके बाद अगले सप्ताह दोनोंं कक्षाओं 10वीं और 12वीं के परिणाम घोषित किए जाएंगे। ”बोर्ड परीक्षा की मूल्यांकन प्रक्रिया 15 जुलाई को पूरी हो गई थी। बोर्ड के रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र उत्तराखंड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट ubse.uk.gov.in के माध्यम से रिजल्ट देख सकेंगे।
उत्तराखंड बोर्ड के कक्षा 10वीं की परीक्षा में 1 लाख 50 हजार 289 परीक्षार्थी बैठे थे, जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षा में 1 लाख 21 हजार 126 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया था। वहीं 10वीं और 12वीं की परीक्षा को 1334 परीक्षा केंद्रो पर आयोजित किया गया था।
छात्रों को परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक लाने होंगे। पिछले साल, 74.57 प्रतिशत छात्रों ने 10वीं की परीक्षा पास की थी, जबकि लगभग 73 प्रतिशत विद्यार्थियों ने कक्षा 12वीं की परीक्षा में सफलता हासिल की थी।
ऐसे देख सकेंगे छात्र अपना परिणाम :
- रिजल्ट प्राप्त करने के लिए छात्रों को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट ubse.uk.gov.in पर क्लिक करना होगा।
- उसके बाद छात्र डाउनलोड रिजल्ट के लिंक पर क्लिक करें।
- पंजीकरण संख्या, रोल नंबर और मांगी गई अन्य जानकारी दर्ज करें।
- उसके बाद छात्रों का परिणाम सामने होंगे।
- इसके बाद छात्र अपने परिणाम को डाउनलोड करें।
- परिणाम का एक प्रिंट आउट आगे की प्रक्रिया के लिए सुरक्षित रख लें।