CSE-2022: देश भर में विभिन्न प्रशासनिक विभागों में कई पद खाली पड़े हैं। जिन्हें भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। लोकसभा में बुधवार इसके बारे में जानकारी दी गई। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के 1,472, भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के 864 और भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारियों के 1,057 पद खाली हैं।
केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक लिखित उत्तर में कहा कि एक जनवरी, 2022 तक आईएएस अधिकारियों की स्वीकृत 6,789, आईपीएस अधिकारियों की 4,984 और आईएफएस अधिकारियों के लिए 3,191 थी। इनमें से 5,317 IAS अधिकारी, 4,120 IPS अधिकारी और 2,134 IFS अधिकारी पदों पर थे।
केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा "रिक्तियों का होना और भरना एक सतत प्रक्रिया है। केंद्र सरकार का प्रयास है कि रिक्त पदों को शीघ्रता से भरा जाए। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) आईएएस, आईपीएस और IFS हर साल में सीधी भर्ती के आधार पर रिक्तियों को भरने के लिए परीक्षा आयोजित करता है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने सिविल सेवा परीक्षा (सीएसई) के माध्यम से सीएसई-2021 तक आईएएस अधिकारियों की वार्षिक संख्या बढ़ाकर 180 कर दी है। इसके अलावा, सीएसई-2022 से सीएसई-2030 तक सीएसई के माध्यम से हर साल सीधी भर्ती वाले आईएएस अधिकारियों की भर्ती की सिफारिश करने के लिए एक समिति गठित की गई है। सीएसई के माध्यम से आईपीएस अधिकारियों का सेवन सीएसई-2020 से बढ़ाकर 200 कर दिया गया है।