संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने बुधवार को कोरोना वायरस से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा के लिए विशेष बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में निर्णय लिया गया है कि यूपीएससी की बची हुई परीक्षाओं और साक्षात्कार के संबंध में फैसला तीन मई को लॉडाउन खुलने के बाद लिया जाएगा।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए देशभर में तीन मई तक लॉकडाउन की घोषणा हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल को देश को संबोधित कर लॉकडाउन की अवधि को तीन मई तक बढ़ा दिया। इससे पहले देश में लॉकडाउन का पहला चरण 14 अप्रैल तक था। अब तीन मई तक देशभर के सभी उच्च शिक्षण संस्थान, स्कूल और कॉलेज पूरी तरह से बंद रहेंगे। कई प्रतियोगी परीक्षाओं को भी इस दौरान स्थगित किया गया है।
इसे भी पढ़ें-लॉकडाउन: आईआईटी-मद्रास ने विद्यार्थियों के लिए शुरू किया ऑनलाइन लेक्चर सीरीज, यूट्यूब के जरिए होगी पढ़ाई
संघ लोक सेवा आयोग का कहना है कि मौजूदा स्थिति के चलते परीक्षा की तिथि में अगर कोई बदलाव होता है, तो इसकी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर दी जाएगी। आयोग ने कहा कि यूपीएससी की मार्च और अप्रैल के महीने में होने वाली परीक्षाओं को लॉकडाउन की वजह से पहले ही स्थगित किया जा चुका है। बाकी की परीक्षाओं और साक्षात्कार को लेकर कोई भी फैसला तीन मई के बाद ही लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें-BSEB 2020: लॉकडाउन की अवधि बढ़ने से बिहार बोर्ड के दसवीं कक्षा के कॉपियों का मूल्यांकन स्थगित
आयोग ने कहा कि नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए-1) की परीक्षा को पहले ही स्थगित किया जा चुका है। एनडीए द्वितीय परीक्षा 10 जून को होनी है और अगर इसे लेकर कोई अधिसूचना जारी की जाएगी तो वो इसकी निर्धारित तिथि पर ही आधिकारिक वेबसाइट पर पोस्ट की जाएगी। यूपीएसी का साफ कहना है कि किसी भी तरह की भर्ती, साक्षात्कार और परीक्षा को लेकर कोई भी निर्णय आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।