राज्यसभा में मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) के एक सदस्य ने कोविड-19 महामारी के कारण पिछले साल कई परीक्षार्थियों के संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में शामिल नहीं हो पाने का मुद्दा उठाया और ऐसे उम्मीदवारों को एक और मौका दिए जाने की मांग की। आप सदस्य संजय सिंह ने शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई परीक्षार्थी खुद ही कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। जबकि, कई उम्मीदवारों के परिवारों के सदस्य संक्रमित हो गए थे। ऐसे भी मामले हैं जिनमें परीक्षार्थियों के परिवारों के सदस्यों की मौत इस महामारी के कारण हुई।
इसे भी पढ़ें-महाराष्ट्र एसएससी एचएससी परीक्षा 2021: दसवीं-बारहवीं के लिए विषयवार प्रश्न बैंक जारी
उन्होंने कहा कि परीक्षा नहीं दे पाने वाले कई उम्मीदवार डॉक्टर, पुलिसकर्मी और अन्य सेवाओं में हैं और वे महामारी के दौरान भी सेवा में लगे हुए थे। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह ऐसे उम्मीदवारों के भविष्य को लेकर सहानुभूतिपूर्वक विचार करे और उन्हें एक और मौका दे। सरकार ने उच्चतम न्यायालय में भी कहा था कि वह इस संबंध में विचार कर रही है। शून्यकाल में ही भाजपा के बृजलाल ने महात्मा बुद्ध से संबंधित स्थान कपिलवस्तु का जिक्र किया और उसे विकसित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कपिलवस्तु में खुदाई में स्तूप के अलावा कुछ अस्थियां भी मिली थीं जिन्हें संग्रहालय में सुरक्षित रखा गया है।