UPSC Civil Services Prelims 2020: यूपीएसई ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा को स्थगित कर दिया है। यह परीक्षा 31 मई को होनी थी, लेकिन लॉकडाउन के तीसरे चरण की वजह से परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। परीक्षा की नई तारीख की घोषणा 20 मई को की जाएगी।
संघ लोक सेवा आयोग का कहना है कि परीक्षा की नई तारीख की घोषणा स्थिति का जायजा लेने के बाद 20 मई को की जाएगी। गौरतलब है कि इस वक्त कोरोना वायरस से बचाव के लिए देश में तीसरे चरण का लॉकडाउन चल रहा है, जो कि 17 मई तक है। इससे पहले लॉकडाउन का दूसरा चरण तीन मई तक था, जिसे बढ़ाकर 17 मई कर दिया गया है।
इसे भी पढ़ें-UP Board Result 2020: जानिए कब आएगा दसवीं-बारहवीं का रिजल्ट, 5 मई से जांची जाएंगी कॉपियां
यूपीएसई सिविल सर्विस प्रीलिमिनरी एग्जाम के लिए एडमिट कार्ड पहले इसी हफ्ते जारी होने थे, लेकिन अब इस परीक्षा को ही स्थगित कर दिया गया है। परीक्षा की नई तारीख की घोषणा के बाद एडमिट कार्ड के जारी होने की जानकारी दी जाएगी। यूपीएसई का कहना है कि सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा देने वाले कई उम्मीदवारों ने आयोग से परीक्षा को स्थगित करने का निवेदन किया था।
इसे भी पढ़ें-UP Board Result 2020: कल से शुरू होगा दसवीं-बारहवीं की कॉपियों का मूल्यांकन, हर दिन सैनिटाइज होंगे मूल्यांकन केंद्र
इन उम्मीदवारों ने लॉकडाउन एवं कोरोना वायरस की वजह से परीक्षा को स्थगित करने का अनुरोध किया था। गौरतलब है कि इससे पहले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने उम्मीदवारों को आश्वासन दिया था कि परीक्षा को री-शेड्यूल करते वक्त उम्मीदवारों को पर्याप्त समय दिया जाएगा, ताकि उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई दिक्कत न हो।