महाकुंभ की वजह से हो सकती है परीक्षा में देरी
महाकुंभ में उमड़ने वाली भीड़ को मद्देनजर बोर्ड का मानना है कि बोर्ड की परीक्षाएं आखिरी स्नान पर्व के बाद ही कराना उचित होगा। इस बार महाकुंभ 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा स्नान पर्व से आरंभ होगा। 14 जनवरी को प्रथम शाही स्नान है। संगम तट पर 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा से शुरू होकर 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के आखिरी स्नान पर्व पर महाकुंभ का रेला थमने लगेगा। ऐसे में माना जा रहा है कि बोर्ड परीक्षाएं 26 फरवरी के बाद ही शुरू होंगी।
54,38,597 परीक्षार्थी होंगे शामिल
इस बार हाईस्कूल में 27,40,151 परीक्षार्थी और इंटरमीडिएट में 26,98,446 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की शुचिता को ध्यान में रखकर एआई का भी इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके और नकल विहीन परीक्षा हो सके।
पिछले वर्ष कब हुआ था आयोजन
पिछले वर्ष, यानी 2024 में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 22 फरवरी से शुरू हो गई थीं। पिछले पांच साल के दौरान सिर्फ 2022 में ही बोर्ड परीक्षा मार्च में कराई गई थी। पिछले वर्ष बोर्ड ने दिसंबर के पहले सप्ताह में 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया था।