कोटा से आत्महत्या का इस वर्ष में अब तक 15वां मामला
- फोटो : अमर उजाला
Suicide: कोटा छात्र आत्महत्या के मामले रूक नहीं रहे हैं। अब छात्र आत्महत्या का एक नया मामला सामने आया है। यहां नीट यूजी की तैयारी कर रहे उत्तर प्रदेश के 20 वर्षीय छात्र ने बुधवार रात अपने पीजी रूम में सीलिंग फैन से लटककर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि उसके कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और इस कदम के पीछे की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।
दादाबाड़ी थाने के सर्किल इंस्पेक्टर नरेश मीना ने गुरुवार सुबह बताया कि बुधवार रात जब युवक ने दरवाजा खटखटाने और परिवार के सदस्यों के बुलाने पर भी कोई जवाब नहीं दिया तो केयरटेकर ने पुलिस को फोन किया और युवक को छत के पंखे से लटका हुआ पाया गया।
इंस्पेक्टर मीना ने बताया कि मृतक युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर निवासी आशुतोष चोरसिया के रूप में हुई है, जो पिछले छह महीने से अपने चचेरे भाई के साथ यहां नीट-यूजी की तैयारी कर रहा था। उन्होंने बताया कि पता चला है कि युवक मानसिक बीमारी से पीड़ित था और उसका इलाज चल रहा था। इस साल कोटा में कोचिंग छात्रों द्वारा आत्महत्या का यह 15वां मामला है, जबकि पिछले साल ऐसे 26 मामले सामने आए थे।