सीबीएसई ने कोरोना वायरस से बचाव के लिए यूपी में दसवीं और बारहवीं की शेष परीक्षाओं के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। इसमें बताया गया है कि परीक्षा कक्ष में ड्युटी पर तैनात शिक्षकों को मास्क पहनने और हाथों को साफ रखने के लिए सेनिटाइजर का प्रयोग करना जरूरी है, ताकि कोरोना वायरस से बचाव हो सके। इसके साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों की साफ-सफाई के विशेष ध्यान रखने के दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में फेस मास्क उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। सीबीएसई के दिशा-निर्देश में कहा गया है कि सभी केंद्र अधीक्षक सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षा केंद्र पर छात्रों के लिए भी पर्याप्त मात्रा में फेस मास्क मौजूद हो। अगर कोई भी छात्र खांसता या छींकता पाया जाए तो फौरन उसे फेस मास्क दिया जाए। परीक्षा केंद्र में ट्रेंड नर्स की व्यवस्था सीबीएसई की गाइडलाइन में कहा गया है कि परीक्षा केंद्र के मेडिकल रूम में बीमार छात्रों के लिए पूर्ण व्यवस्था और ट्रेंड नर्स हो। अगर कोई विद्यार्थी बुखार की स्थिति में परीक्षा देने आ रहा है तो उसे अलग कमरें में बिठाकर परीक्षा दिलवाई जाए। परीक्षा केंद्रों के वॉशरूम में हैंडवॉश, सेनिटाइजर, टिश्यूपेपर की पूरी व्यवस्था हो। परीक्षा केंद्रों के बाहर रखे डस्टबिन पूरी तरह से ढके हुए हो और उन्हें हर दिन साफ किया जाए। एक परीक्षा हॉल में बैठेंगे 12 विद्यार्थी सीबीएसई की नई गाइडलाइन में कहा गया है कि परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षार्थी समूह में खड़े न हों। परीक्षा कक्ष में प्रवेश करते वक्त भी विद्यार्थी पर्याप्त दूरी बनाए रखें। परीक्षा खत्म होने के बाद विद्यार्थी एक साथ समूह में परीक्षा केंद्र से बाहर न निकलें। नई गाइडलाइन में कोरोना से बचाव के लिए तमाम सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर स्वच्छ पानी की व्यवस्था के साथ ही एक परीक्षा हॉल में 24 के स्थान पर अब 12 परीक्षार्थी ही बैठाने के निर्देश जारी हुए हैं। इसके अलावा हर विद्यार्थी के बीच कम से कम एक मीटर की दूरी जरूर होनी चाहिए। सभी परीक्षा केंद्रों के अध्यक्षों को भी संबंधित गाइडलाइन से अवगत करा दिया गया है।